लुधियाना में कृतिका वर्मा ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर पहचान छिपाकर शादी करने, जबरन धर्म परिवर्तन कराने और 10 लाख रुपये दहेज मांगने के गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती के पिता के मुताबिक, विरोध करने पर मायके वालों पर हमला किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
Ludhiana Crime: पंजाब के लुधियाना से शादी, कथित जबरन धर्म परिवर्तन और दहेज उत्पीड़न से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। कृतिका वर्मा नाम की युवती ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर पहचान छिपाकर शादी करने, ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव डालने और दहेज में 10 लाख रुपये मांगने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
परिजनों के मुताबिक, कृतिका और करणवीर की मुलाकात बाइक राइडिंग के दौरान हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। आरोप है कि करणवीर ने खुद को करणवीर सिंह सिद्धू और जटसिख बताकर परिवार के सामने रिश्ता रखा। इसके बाद 2 सितंबर 2026 को लुधियाना के संत विहार स्थित शनि शिव मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से दोनों की शादी हुई। 5 सितंबर को कृतिका की विदाई कर दी गई।
कृतिका के पिता का आरोप है कि 5 अक्टूबर को जब उनकी बेटी ससुराल पहुंची, तो घर के एक बड़े हॉल को चर्च के रूप में देखकर हैरान रह गई। परिवार के मुताबिक, ससुराल पक्ष ने शादी स्वीकार करने से इनकार करते हुए ईसाई धर्म अपनाने की शर्त रखी।

आरोप है कि शादी के बाद पहली रात कृतिका को फोन बंद करवाकर तीसरी मंजिल पर बने स्विमिंग पूल में ले जाया गया, जहां पानी में डुबकी लगवाकर कथित तौर पर धर्म परिवर्तन कराया गया। युवती ने अनुचित तरीके से छूने और वीडियो बनाए जाने के आरोप भी लगाए हैं।
परिवार का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने 10 लाख रुपये समेत दहेज की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर कृतिका को घर से निकाल दिया गया। इसके बाद वह किराये के मकान में रहने लगी। युवती ने पति पर मारपीट करने का आरोप भी लगाया है।
लुधियाना में प्रेम विवाह करने वाली युवती ने ससुराल पक्ष पर धोखे से धर्म परिवर्तन कराने, 10 लाख रुपये और दहेज मांगने तथा मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि मांगें पूरी न होने पर उसे घर से निकाल दिया गया। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि होना बाकी है।
#Ludhiana https://t.co/YYlDKO3jfL
— NBH 24 (@nbh24official) October 25, 2026
मामले में विवाद तब और बढ़ गया, जब युवती के पिता ने कथित धर्म परिवर्तन और दहेज की मांग का विरोध किया। शिकायत के अनुसार, इसी दौरान मायके पक्ष पर हमला किया गया, जिसमें युवती के पिता विपन कुमार वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।
पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने ससुराल पक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस की विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया और जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी हैं। ऐसे में मामले से जुड़े आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।