CJP Protest: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर रविवार को भी कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन जारी रहा। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के एलान के बाद दूसरे दिन भी आंदोलन जारी रहा। दिल्ली पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। सीजेपी का कहना है कि जब तक सीईसी ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं हो जाता तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। वहीं, मजिस्ट्रेट कोर्ट ने अभिजीत, सौरव दास और आशुतोष रांका को रिहा कर दिया है।
पढ़ें :- सुप्रीम कोर्ट तक कल मार्च करेगा विपक्ष...राहुल गांधी ने कर दिया बड़ा एलान, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की कर रहे मांग
दिल्ली में भारी पुलिस बल की तैनाती के बाद रविवार को भी विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। प्रदर्शनकारियों ने नारे लगाते हुए जंतर-मंतर की ओर मार्च किया, जिसके बाद 100 से ज़्यादा लोगों को हिरासत में ले लिया गया। अभी भी बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। हालांकि, प्रदर्शनकारी भी अलग अलग जगहों पर मौजूद हैं।
राजधानी के अलग-अलग हिस्सों से जंतर-मंतर की ओर मार्च करने की कोशिश करते समय सीजेपी समर्थकों के साथ-साथ कई छात्र संगठनों – जैसे स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ़ इंडिया (एसएफआई), ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) और क्रांतिकारी युवा संगठन (केवाईएस) के सदस्यों को भी हिरासत में लिया गया।
सीईसी ज्ञानेश कुमार को बचा रही है सरकार: रांका
सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी प्रेस कॉन्फ्रेंस हो रही है। सीजेपी के आशुतोष रांका ने कहा, सरकार ज्ञानेश कुमार को बचा रही है। सीईसी ज्ञानेश कुमार भाजपा को जिताने का काम कर रहे हैं। कल फ्लाइट से हम लोगों को किडनैप किया गया। दिल्ली पुलिस ने बर्बरता की। भाजपा ने आपातकाल को भी पीछे छोड़ दिया है।