PET-2026 के चलते महराजगंज के इन क्षेत्रों में आज शैक्षणिक अवकाश
पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 के मद्देनजर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने 30 अक्टूबर को जिले के तीन नगरीय क्षेत्रों में शैक्षणिक अवकाश घोषित किया है। आदेश के तहत महराजगंज नगर पालिका परिषद, फरेंदा नगर पंचायत और घुघली नगर पंचायत क्षेत्र के सभी बोर्डों से संचालित विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में एक दिन का अवकाश रहेगा।
जिलाधिकारी की ओर से जारी आदेश के अनुसार, संबंधित क्षेत्रों के प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के साथ महाविद्यालय भी बंद रहेंगे। यह आदेश सभी सरकारी और गैर सरकारी शिक्षण संस्थानों पर लागू होगा।
डीएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि PET-2026 परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए जिला प्रशासन ने आवश्यक तैयारियां की हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं।