Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. IPL
  3. “बेहतर करने के लिए, खुद को अंदर से खोखला कर लिया था”- फिन एलन ने बताया IPL के शुरुआती मुकाबलो का संघर्ष

“बेहतर करने के लिए, खुद को अंदर से खोखला कर लिया था”- फिन एलन ने बताया IPL के शुरुआती मुकाबलो का संघर्ष

By Harsh 
Updated Date

IPL 2026 Updates: कोलकाता नाईट राइडर्स के विस्फोटक बल्लेबाज फिन एलन ने खुलासा किया है कि आईपीएल 2026 की शुरुआत उनके लिए मानसिक रूप से बेहद कठिन रही। लगातार खराब प्रदर्शन और खुद से बढ़ती उम्मीदों ने उन्हें अंदर से परेशान कर दिया था। लेकिन अब वही खिलाड़ी दमदार वापसी कर टीम की प्लेऑफ उम्मीदों को फिर जिंदा कर रहा है।

पढ़ें :- गंभीर ने अगरकर की विदाई पर लिखा भावुक पोस्ट, कहा- इतिहास आपको हमेशा अच्छे नज़रिए से देखेगा

गुजरात के खिलाफ खेले गए मुकाबले में एलन ने सिर्फ 35 गेंदों में 93 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें उन्होंने 10 छक्के मारे और टीम को अहम जीत दिलाई। मैच के बाद उन्होंने माना कि शुरुआती दौर में वह खुद पर जरूरत से ज्यादा दबाव डाल रहे थे, जिसका असर उनके खेल और मानसिक स्थिति दोनों पर पड़ा।

“मैं खेल का आनंद लेना भूल गया था”

मैच के बाद संवादातओं से बातचीत में एलन ने कहा कि टूर्नामेंट के शुरुआती मैचों में ”मैं हर हाल में खुद को साबित करने की कोशिश कर रहा था। उस दौरान मैं शायद थोड़ा खोखला इंसान बन गया था और यह सब मेरी अपनी गलती थी।”

उन्होंने बताया कि क्रिकेट उनके लिए हमेशा खुशी और जुनून का खेल रहा है, लेकिन उस दौरान वह बल्लेबाजी का मजा ही नहीं ले पा रहे थे। लगातार मानसिक दबाव ने उन्हें “खोखला” महसूस कराया और इसका असर सीधे उनके प्रदर्शन पर दिखा। शुरुआती पांच पारियों में वह सिर्फ 81 रन ही बना सके थे, जिसके बाद टीम प्रबंधन ने उन्हें लगातार तीन मैचों में अंतिम ग्यारह से बाहर रखा।

पढ़ें :- IND vs PAK : भारत ने पाकिस्तान को दिया 212 रनों का विशाल लक्ष्य, अभिषेक-तिलक की तूफानी फिफ्टी

बाहर बैठने से मिला नया नजरिया

एलन ने कहा कि कुछ मुकाबलों में बाहर बैठना उनके लिए टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। इस दौरान उन्होंने अपने खेल और मानसिकता दोनों पर काम किया। वापसी के बाद अब वह खुलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं और पिछले चार मैचों में 240 रन बना चुके हैं, जिसमें 47 गेंदों में लगाया गया नाबाद शतक भी शामिल है। एलन के मुताबिक जब वह तनावमुक्त होकर खेलते हैं, तब गेंद को बेहतर तरीके से देख पाते हैं और मैदान पर ज्यादा आत्मविश्वास महसूस करते हैं।

अंगकृष रघुवंशी की जमकर तारीफ

एलन ने युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी की भी खुलकर सराहना की। गुजरात के खिलाफ मैच में रघुवंशी ने 44 गेंदों में नाबाद 82 रन बनाए थे। एलन ने उन्हें “स्टारबॉय” बताते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में जिस तरह की निरंतरता और आत्मविश्वास वह दिखा रहे हैं, वह भारतीय क्रिकेट के भविष्य के लिए बेहद सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि रघुवंशी के पास शानदार शॉट्स खेलने की क्षमता है और वह लगातार अपने खेल को बेहतर बना रहे हैं।

प्लेऑफ की उम्मीद अभी बाकी

पढ़ें :- IND vs PAK Final : भारत ने टॉस जीतकर चुनी बल्लेबाजी, टीम की गोल्ड मेडल पर होगी नजर

इस जीत के बाद केकेआर की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें अभी भी कायम हैं। एलन ने टीम के माहौल और संयम की तारीफ करते हुए कहा कि पूरे टूर्नामेंट में टीम ने मुश्किल परिस्थितियों में भी धैर्य नहीं खोया। उन्होंने सपोर्ट स्टाफ और कप्तान अजिंक्य रहाणे को भी इसका श्रेय दिया।

Advertisement