ग्रेटर नोएडा के PNB बैंक में करोड़ों रुपये की जमा पूंजी गायब होने के आरोप से हड़कंप मच गया है। अब तक 16 खाताधारक पुलिस से शिकायत कर चुके हैं। बैंक ने शाखा प्रबंधक समेत पांच कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Fixed Deposit Fraud: ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई-1 स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा में खाताधारकों की जमा पूंजी को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। आरोप है कि कई खाताधारकों की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) समय से पहले तोड़कर रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दी गई। किसी परिवार के खाते में करीब 94 लाख रुपये के बजाय सिर्फ 16 हजार रुपये मिलने की बात सामने आई है, तो दूसरे परिवार ने 1.29 करोड़ रुपये की रकम गायब होने की शिकायत की है। मामला सामने आने के बाद बैंक प्रबंधन ने शाखा प्रबंधक समेत पांच कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। वहीं, पुलिस अब पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिरोंडी गांव निवासी गौतम अपने पिता के खाते से 50 हजार रुपये निकालने बैंक पहुंचे थे। आरोप है कि बैंक कर्मचारियों ने खाते में पर्याप्त रकम नहीं होने की जानकारी दी। इसके बाद खाते की जांच कराई गई तो करीब 94 लाख रुपये के बजाय सिर्फ 16 हजार रुपये शेष मिलने का दावा किया गया। इस खुलासे के बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत की।
इसी शाखा से जुड़ा दूसरा मामला भी सामने आया है। एक खाताधारक के मुताबिक, उनकी मां के खाते में जेवर एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण के मुआवजे के तौर पर करीब 1.29 करोड़ रुपये आए थे। परिवार ने जरूरत के अनुसार 10 से 12 लाख रुपये निकाले थे। इसके बाद खाते में लगभग 1.18 करोड़ रुपये बचने चाहिए थे, लेकिन खाताधारक का दावा है कि खाते में अब कोई रकम नहीं है।
शिकायतें सामने आने के बाद बैंक के वरिष्ठ अधिकारी शाखा पहुंचे। बैंक ने शाखा प्रबंधक समेत पांच कर्मचारियों को निलंबित कर नए स्टाफ की तैनाती की है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि कुल कितनी रकम प्रभावित हुई और पैसे किन खातों में ट्रांसफर किए गए।
नोएडा पुलिस के अनुसार, अब तक 16 लोग शिकायत दे चुके हैं। मामले की जांच एसीपी ग्रेटर नोएडा को सौंपी गई है। बैंक और पुलिस की जांच के बाद ही कथित गड़बड़ी के तरीके और जिम्मेदार लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल प्रभावित खाताधारक अपनी जमा पूंजी वापस मिलने का इंतजार कर रहे हैं।