1. हिन्दी समाचार
  2. क्रिकेट
  3. ICC Test Rankings : सिराज-प्रसिद्ध की दमदार छलांग, यशस्वी जायसवाल की टॉप-5 में वापसी, कप्तान शुभमन गिल को नुकसान

ICC Test Rankings : सिराज-प्रसिद्ध की दमदार छलांग, यशस्वी जायसवाल की टॉप-5 में वापसी, कप्तान शुभमन गिल को नुकसान

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बुधवार को जारी टेस्ट प्लेयर्स की ताजा रैंकिंग जारी कर दी है। इसमें भारी उठापटक देखने को मिली है। गेंदबाजों की सूची में भारत के मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने दमदार छलांग लगाकर अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग हासिल की।

By santosh singh 
Updated Date

नई दिल्ली। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बुधवार को जारी टेस्ट प्लेयर्स की ताजा रैंकिंग जारी कर दी है। इसमें भारी उठापटक देखने को मिली है। गेंदबाजों की सूची में भारत के मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने दमदार छलांग लगाकर अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग हासिल की। सिराज के खाते में फिलहाल 674 रेटिंग अंक हैं। वह 12 स्थान चढ़कर 15वें पर पहुंच गए हैं। कृष्णा 25 पायदान ऊपर 59वें पर आ गए हैं।

पढ़ें :- Asian Champions Trophy 2026 : भारतीय पुरुष हॉकी टीम अपने पहले मुकाबले में कल बांग्लादेश से भिड़ेगी, अब चैंपियंस ट्रॉफी पर नजर

बताते चलें कि इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें और अंतिम टेस्ट में मैच दमदार प्रदर्शन करने के बाद दोनों की यह अब तक की सर्वोच्च रैंकिंग है। सिराज ने ओवल में पांचवें मुकाबले में कुल 9 विकेट चटकाए थे। उन्होंने दूसरी पारी में पंजा खोलकर भारत को 6 रनों से रोमांचक जीत दिलाई। कृष्णा ने मैच में आठ विकेट झटके थे।इंग्लैंड के तेज गेंदबाज गस एटकिंसन और जोश टंग ने भी ओवल टेस्ट में आठ-आठ विकेट लेकर अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग हासिल की है। एटकिंसन संयुक्त रूप से दसवें नंबर पर हैं। वह पहली बार टॉप 10 में शामिल हुए हैं। टंग 14 स्थान चढ़कर 46वें पर पहुंच गए।

भारत के धाकड़ पेसर जसप्रीत बुमराह (889) शीर्ष पर बरकरार हैं। वह ओवल टेस्ट में नहीं खेले थे। साउथ अफ्रीका के कगिसो रबाडा (851) दूसरे जबकि ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस (838) तीसरे नंबर पर हैं। न्यूजीलैंड के गेंदबाज मैट हेनरी तीन स्थान आगे बढ़ते हुए चौथे पर चल गए हैं। उन्होंने करियर की सर्वश्रेष्ठ 817 रेटिंग हासिल की है। हेनरी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में 9 विकेट अपने नाम किए। न्यूजीलैंड ने 9 विकेट से जीत दर्ज की।

वहीं, बल्लेबाजों की लिस्ट में भी फेरबदल हुआ है। भारत के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल की टॉप-5 में वापसी हो गई है। वह तीन पायदान चढ़कर पांचवें पर आ गए हैं। उनके खाते में 792 अंक हैं। यशस्वी ने आखिरी टेस्ट की दूसरी पारी में शतक ठोका था। वहीं, भारत के कप्तान शुभमन गिल को चार स्थान का नुकसान झेलना पड़ा है। वह 13वें नंबर पर खिसक गए हैं। गिल ने ओवल टेस्ट में कुल 32 रन बनाए थे। न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल चार स्थान ऊपर उठकर बल्लेबाजों की रैंकिंग में नौवें नंबर पहुंच गए हैं। इंग्लैंड के दिग्गज जो रूट नंबर-1 टेस्ट बल्लेबाज हैं। उनके 908 अंक हैं। रूट के हमवतन हैरी ब्रूक (868) दूसरे पर आ गए हैं। उन्हें ओवल में सेंचुरी जड़कर एक स्थान का फायदा हुआ। न्यूजीलैंड के केन विलियमसन (858) तीसरे पायदान पर खिसक गए।

पढ़ें :- एशियन पैरा गेम्स 2026: नितेश कुमार ने जीता गोल्ड, भारत ने 114 पदकों के साथ रचा इतिहास
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...