लखनऊ। यूपी की राजधानी लखनऊ में बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ली और दिन में ही अंधेरा छा गया। इसके साथ ही राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और बूंदाबांदी शुरू हो गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से बड़ी राहत मिली। पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के असर से प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों और बुंदेलखंड के कई जिलों में मौसम का यह बदलाव देखने को मिला है।
पढ़ें :- लखनऊ पुलिस मित्र परिवार के तरफ से 16वां स्वैच्छिक रक्तदान महायज्ञ का आयोजन 16 अगस्त को सिविल हॉस्पिटल में
सुबह से तेज धूप और उमस के बीच दोपहर बाद अचानक आसमान में काले बादल छा गए। कई स्थानों पर धूलभरी हवाएं चलीं और फिर हल्की बारिश शुरू हो गई। मौसम बदलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और सड़कों पर निकले लोगों ने राहत महसूस की।
भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह (Atul Kumar Singh, Senior Scientist at the Regional Meteorological Centre, Lucknow) ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव से पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी के संकेत हैं। इसके असर से अगले दस दिनों तक प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
मौसम विभाग (Meteorological Department) ने 58 जिलों में गरज-चमक, बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है, जबकि 32 जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। उधर, मंगलवार को बांदा 47.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश ही नहीं दुनिया के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा। ऐसे में बुधवार का बदला मौसम लोगों के लिए बड़ी राहत बनकर आया।
पढ़ें :- लखनऊ व्यापार मण्डल ने UPI शुल्क, जियो टैगिंग, अतिक्रमण व प्रशासनिक उत्पीड़न के विरुद्ध आवाज बुलंद की
अमेठी में गिरे ओले, ओलावृष्टि से सड़कों और घरों की छतों पर सफेद परत जम गई
अमेठी में पिछले 15 दिनों से 40 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहे तापमान और उमस से लोग बेहाल थे। बुधवार दोपहर तक तेज धूप और लू के थपेड़ों ने जनजीवन को प्रभावित कर रखा था, लेकिन करीब 12 बजे के बाद अचानक मौसम ने करवट ली। तेज हवा के साथ आसमान में घने बादल छा गए और देखते ही देखते बूंदाबांदी शुरू हो गई। कुछ ही देर में बारिश के साथ ओले गिरने लगे। करीब 15 मिनट तक चली ओलावृष्टि से सड़कों और घरों की छतों पर सफेद परत जम गई। अचानक बदले मौसम के कारण लोग जहां थे, वहीं रुकने को मजबूर हो गए।
इस बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने जिले में चल रहे करीब 400 से अधिक वैवाहिक कार्यक्रमों और अन्य आयोजनों पर असर डाला। कई स्थानों पर टेंट और सजावट को नुकसान पहुंचा, जिससे आयोजकों की चिंता बढ़ गई।