1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. खनुआ SSB कैंप में जवान की संदिग्ध मौत, सीने में लगी गोली

खनुआ SSB कैंप में जवान की संदिग्ध मौत, सीने में लगी गोली

खनुआ SSB कैंप में जवान की संदिग्ध मौत, सीने में लगी गोली

पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित खनुआ SSB कैंप में शनिवार देर रात एक जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। 33 वर्षीय जवान मंजीत का शव कैंप की सीढ़ियों के नीचे सर्विस राइफल के साथ मिला। उनके सीने में गोली लगी थी। घटना की जानकारी मिलते ही कैंप में हड़कंप मच गया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।

पढ़ें :- अंधविश्वास की हद! दो माह के मासूम की बलि देने की थी साजिश, दिल्ली से सकुशल बरामद हुआ बच्चा

मृतक जवान बिहार के औरंगाबाद जिले के जमहोर गांव के निवासी थे और SSB की 66वीं बटालियन में तैनात थे। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब दो बजे कैंप में गोली चलने की आवाज सुनाई दी। इसी दौरान निर्धारित ड्यूटी स्थल पर जवान के नहीं पहुंचने पर उनकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान उनका शव सीढ़ियों के नीचे बरामद हुआ।

SSB अधिकारियों के मुताबिक, जवान की ड्यूटी रात एक बजे से सुबह सात बजे तक थी। बताया जा रहा है कि वह पांच दिन पहले ही छुट्टी बिताकर ड्यूटी पर लौटे थे। छुट्टी से लौटने के बाद से उनके मानसिक रूप से परेशान रहने की बात सामने आई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है।

दो साल पहले हुई थी शादी, ढाई महीने का है बेटा

जवान की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी शादी करीब दो साल पहले हुई थी और उनका महज ढाई महीने का बेटा है। बताया जाता है कि करीब ढाई महीने पहले उनके बड़े भाई का भी निधन हो गया था। पिता सुरेश राम की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। परिवार में मां नगिना देवी के अलावा दो भाई और एक बहन हैं।

पढ़ें :- UP के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत! दशकों की सेवा के बाद नियमितीकरण का आदेश, बकाया वेतन और पेंशन लाभ भी मिलेंगे

2014 में SSB में हुए थे भर्ती

मंजीत 23 जून 2014 को सशस्त्र सीमा बल में भर्ती हुए थे। घटना की सूचना पर सोनौली थाना प्रभारी और नौतनवा के क्षेत्राधिकारी पुलिस बल के साथ खनुआ कैंप पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। अधिकारियों ने परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। फिलहाल पुलिस और SSB के अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं। जवान की असमय मौत से सुरक्षा बलों में शोक का माहौल है।

महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...