Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. सुरक्षा व्यवस्था से नाराज झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, लौटाए 16 सुरक्षाकर्मी और तीन वाहन

सुरक्षा व्यवस्था से नाराज झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, लौटाए 16 सुरक्षाकर्मी और तीन वाहन

By Harsh Gautam 
Updated Date

रांची: झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताते हुए बड़ा कदम उठाया है। जानकारी के मुताबिक उन्होंने अपनी सुरक्षा में तैनात 16 सुरक्षाकर्मियों और उनके लिए आवंटित तीन सरकारी वाहनों को वापस कर दिया है। मंत्री के इस फैसले से राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार राधाकृष्ण किशोर ने कुछ समय पहले पुलिस मुख्यालय को पत्र लिखकर सुरक्षा काफिले के लिए एक अतिरिक्त वाहन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। हालांकि इस पर कोई फैसला नहीं होने से वे असंतुष्ट बताए जा रहे हैं। अभी तक मंत्री ने सार्वजनिक रूप से इस मुद्दे पर कोई बयान नहीं दिया है।

पढ़ें :- राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर बोले विनय कटियार, मैं प्रधानमंत्री से संपर्क में हूं, चंपत राय जेल जाएंगे...

बताया जा रहा है कि सुरक्षा में लगे जवानों को उपलब्ध कराए गए वाहनों में पर्याप्त जगह नहीं मिल रही थी जिसके कारण उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। इसी को देखते हुए वित्त मंत्री ने सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव का फैसला लिया और सभी सुरक्षाकर्मियों तथा वाहनों को वापस कर दिया। शुक्रवार सुबह राधाकृष्ण किशोर एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए खेलगांव स्टेडियम पहुंचे और इसके बाद प्रोजेक्ट भवन सचिवालय गए। इस दौरान उनके साथ कोई सुरक्षा काफिला नजर नहीं आया। वित्त मंत्री का कहना है कि केवल 16 सुरक्षाकर्मियों की आवाजाही के लिए तीन बड़े वाहनों का इस्तेमाल करना न तो व्यावहारिक है और न ही सुरक्षा की दृष्टि से उचित माना जा सकता है। उनके इस फैसले ने राज्य की राजनीति में नई चर्चा को जन्म दे दिया है।

Advertisement