Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. क्षेत्रीय
  3. गोलगप्पे खाने से 6 साल के बच्चे की मौत, 17 लोग बीमार

गोलगप्पे खाने से 6 साल के बच्चे की मौत, 17 लोग बीमार

By हर्ष गौतम 
Updated Date

गांडेय, झारखंड:  झारखंड के गिरिडीह जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां गोलगप्पा और चाट खाने के बाद 17 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इनमें ज्यादातर बच्चे शामिल हैं। सभी को तेज बुखार, पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बजटो गांव की है। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम गांव में एक व्यक्ति गोलगप्पा और चाट बेचने पहुंचा था। गांव के कई बच्चों और बड़ों ने उससे चाट और गोलगप्पा खाया। अगले ही दिन सुबह से ही खाने वालों की तबीयत खराब होने लगी।

पढ़ें :- डिनर मे चिकन पुलाव, फिर खाया तरबूज, ​कैसे हुई एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत?

बीमार लोगों में एक 6 साल के बच्चे रंजन कुमार वर्मा की हालत ज्यादा गंभीर हो गई, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। बाकी सभी मरीजों का इलाज गिरिडीह सदर अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार यह मामला फूड पॉइजनिंग का लग रहा है। अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है, लेकिन डॉक्टर लगातार निगरानी रख रहे हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन भी सक्रिय हो गया। डीसी रामनिवास यादव रात में ही अधिकारियों के साथ गांव पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं गांडेय से विधायक कल्पना सोरेन ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने अस्पताल में भर्ती लोगों के बेहतर इलाज और खाद्य पदार्थों की जांच के निर्देश देने की बात कही है।

Advertisement