ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण में रविवार को एक आवारा कुत्ते ने ऐसा आतंक मचाया कि करीब सात घंटे तक इलाके में दहशत का माहौल बना रहा। कथित तौर पर रेबीज से संक्रमित कुत्ते ने राह चलते लोगों, बाइक सवारों और ऑटो में बैठे लोगों को भी अपना निशाना बनाया। इस दौरान करीब 130 लोगों के कुत्ते के काटने के मामले सामने आए। इनमें से 25 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल 11 साल की बच्ची को बेहतर इलाज के लिए मुंबई भेजा गया है।
पढ़ें :- महाराष्ट्र: अमरावती के सरकारी अस्पताल में लगी आग, 3 नवजातों की मौत 36 बच्चों को बचाया गया, 6 घायल
घटना कल्याण पश्चिम के संदीप होटल इलाके में रविवार दोपहर करीब दो बजे शुरू हुई। स्थानीय लोगों के मुताबिक कुत्ता अचानक राहगीरों पर झपटने लगा। वह सड़कों और गलियों में चल रहे लोगों का पीछे से पीछा कर उन्हें काट रहा था। देखते ही देखते लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कुत्ते के हमलों की खबर फैलने के बाद बिरला कॉलेज रोड, पुराने आरटीओ कार्यालय और भोईरवाड़ी इलाके के लोग घरों में ही दुबक गए। रविवार की छुट्टी होने के बावजूद कई अभिभावकों ने बच्चों को बाहर खेलने तक नहीं जाने दिया।
रुक्मिणीबाई अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप पगारे के मुताबिक, रविवार शाम तक कुत्ते के काटने के 110 से 130 मामले अस्पताल में दर्ज किए गए थे। कई लोगों को प्राथमिक उपचार और जरूरी इलाज के बाद घर भेज दिया गया, जबकि 25 लोगों का इलाज जारी रहा। इस घटना में एक 11 वर्षीय बच्ची को कुत्ते ने गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मुंबई के लोकमान्य तिलक निगम जनरल अस्पताल (सियॉन अस्पताल) रेफर कर दिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में नगर निगम के खिलाफ भी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का आरोप है कि उन्होंने मदद के लिए नगर निगम को कई बार फोन किया लेकिन रविवार की छुट्टी होने के कारण समय पर मदद नहीं मिली। स्थानीय लोगों ने नगर निगम के कुत्ता नसबंदी केंद्र की भी जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इस केंद्र को लेकर पहले भी भ्रष्टाचार के आरोप सामने आ चुके हैं। फिलहाल नगर निगम के अधिकारियों ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि लोगों पर हमला करने वाले कुत्ते को पकड़ा गया है या नहीं। घटना ने एक बार फिर शहरों में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या और उनसे निपटने की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
KALYAN | कल्याणमध्ये भटक्या कुत्र्यांची दहशत; १२५ ते १५० नागरिकांना चावा#Kalyan #KalyanNews #StreeDog #MaharashtraNews pic.twitter.com/79Y5uGWiQz
पढ़ें :- द्रोणाचार्य अवॉर्डी जिम्नास्टिक कोच पर नाबालिग से यौन शोषण का आरोप, POCSO में केस: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अवॉर्ड दिया था
— Navarashtra (@navarashtra) August 10, 2026