लखनऊ : गंगागंज में शनिवार तड़के सुल्तानपुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा हो गया। करीब 4:45 बजे ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। ट्रॉली के नीचे चार लोग दब गए। हादसे की सूचना मिलते ही गोसाईंगंज पुलिस के साथ फायर सर्विस और NHAI की टीम मौके पर पहुंची।
पढ़ें :- हम एक ऐसा उत्तर प्रदेश बना रहे हैं, जहां समृद्ध विरासत के साथ भविष्य की तकनीक भी होगी: सीएम योगी
NHAI की क्रेन की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटाकर चारों लोगों को बाहर निकाला गया। सभी को एंबुलेंस से गोसाईंगंज सीएचसी पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, एक व्यक्ति की हालत गंभीर होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी भी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान बाराबंकी के कोठी थाना क्षेत्र के इलिचपुर मजरे पडरांवा निवासी संदीप रावत (25), पीतांबर रावत (35), पवन रावत (25) और सरायनदर निवासी बलराम रावत के रूप में हुई है।
पीतांबर रावत अचकाकामऊ स्थित देशराज के आरबीएफ ईंट-भट्ठे पर ट्रैक्टर चलाता था। वहीं, बाकी लोग ईंटों की लोडिंग और अनलोडिंग का काम करते थे। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त सभी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पास मौजूद थे।
हादसे के बाद पुलिस और NHAI की टीम ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को हाईवे से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। घटना की जानकारी मिलने पर मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पढ़ें :- CM योगी ने विधानसभा में किया ध्वजारोहण, प्रदेश वासियों की दीं स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं