राजस्थान के श्रीगंगानगर में भारत-पाक सीमा के पास अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर देर रात ब्लास्ट हुआ। ATS, FSL और बम स्क्वायड की टीमें जांच में जुटी हैं। ISI और शहजाद भट्टी नेटवर्क से कनेक्शन की आशंका जताई जा रही है और सुरक्षा के मद्देनजर रूट की सभी ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं।
Rajasthan Railway Blast: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर गांव 50 जीबी के पास देर रात करीब 10 बजे जोरदार ब्लास्ट हुआ। धमाके में रेलवे ट्रैक के सीमेंट के दो पिलर क्षतिग्रस्त हो गए। घटनास्थल पर करीब दो फीट गहरा गड्ढा होने की जानकारी भी सामने आई है। धमाके की आवाज करीब 200 मीटर दूर तक सुनाई देने की बात कही जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब 20 किलोमीटर की दूरी पर हुई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास खेतों में मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद ATS, FSL, डॉग स्क्वायड, बम निरोधक दस्ते और रेलवे की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। सभी एजेंसियां मौके से साक्ष्य जुटाकर धमाके के कारणों की जांच कर रही हैं।
![]()
रेलवे ट्रैक पर हुए इस ब्लास्ट के पीछे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और आतंकी नेटवर्क की भूमिका की आशंका भी जताई जा रही है। जांच एजेंसियां इस घटना की कड़ियों को आतंकी शहजाद भट्टी के नेटवर्क से जोड़कर भी देख रही हैं। हालांकि, अभी तक किसी आतंकी संगठन या नेटवर्क की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सूत्रों के मुताबिक, रेलवे ट्रैक पर टाइमर बम लगाए जाने की आशंका है। शुरुआती जानकारी में धमाके को लो-इंटेंसिटी ब्लास्ट बताया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे रूट की सभी ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।
गौरतलब है कि हाल ही में अनूपगढ़ में पाकिस्तान से RDX मंगवाने से जुड़ा मामला सामने आया था। करीब साढ़े सात किलो RDX बरामद होने की जानकारी भी सामने आई थी। हालांकि, इस बरामदगी और रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके के बीच अभी कोई संबंध स्थापित नहीं हुआ है।
फिलहाल, जांच एजेंसियां हर पहलू की पड़ताल कर रही हैं। धमाके के पीछे की असली वजह और संभावित साजिश का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।