Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. अपराध
  3. लखनऊ में दिनदहाड़े RSS नेता समेत परिवार के 3 लोगों की हत्या, गाड़ी पार्किंग के विवाद में चलीं ताबड़तोड़ गोलियां

लखनऊ में दिनदहाड़े RSS नेता समेत परिवार के 3 लोगों की हत्या, गाड़ी पार्किंग के विवाद में चलीं ताबड़तोड़ गोलियां

By Harsh 
Updated Date

लखनऊ :  सआदतगंज इलाके में सोमवार सुबह गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुआ विवाद तिहरे हत्याकांड में बदल गया। नौबस्ता के ब्राह्मणी टोला में पड़ोसी ऋषभ शुक्ला पर RSS नेता शिवाजी तिवारी, उनके भाई शिवेंद्र तिवारी और बेटे सुयश तिवारी को गोली मारने का आरोप है। घटना में तीनों की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल पिस्टल बरामद कर ली है।

पढ़ें :- लखनऊ: 17 साल के बेटे ने मां की हत्या की, खुद पुलिस को फोन किया ; डायरी में नोट की प्लानिंग, ऑनलाइन मंगाया स्प्रे...

मंदिर के पास पार्किंग को लेकर हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक शिवाजी तिवारी (65) अपने भाई शिवेंद्र तिवारी (55), बेटे सुयश और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रहते थे। सोमवार सुबह घर के सामने मंदिर के पास गाड़ी खड़ी करने को लेकर उनका पड़ोसी ऋषभ शुक्ला से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर ऋषभ घर से पिस्टल लाया और फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से शिवाजी और सुयश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शिवेंद्र ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल बरामद

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। आरोपी ऋषभ शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे नेवी का जवान बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक दोनों परिवारों के बीच पहले से विवाद चल रहा था।

पढ़ें :- लखनऊ: 8 साल पुराने एप्पल मैनेजर विवेक तिवारी केस में फैसला, पूर्व सिपाही प्रशांत चौधरी को 10 साल की सजा

आरोपी, ऋषभ शुक्ला।

आला अधिकारी मौके पर पहुंचे

मामले की गंभीरता को देखते हुए इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है। जेसीपी क्राइम अपर्णा, डीसीपी पश्चिम जितेंद्र श्रीवास्तव और बाजारखाला एसीपी रंजीत कुमार समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीसीपी पश्चिम ने बताया कि गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद हुआ था और ऋषभ ने अपनी पिस्टल से फायरिंग की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार बरामद कर लिया है।

बिजली विभाग से रिटायर थे शिवाजी तिवारी

शिवाजी तिवारी RSS में लखनऊ पश्चिम के सह-जिला कार्यवाह रह चुके थे। वह बिजली विभाग से पीए पद से रिटायर हुए थे। उनके भाई शिवेंद्र तिवारी लखनऊ विश्वविद्यालय में बाबू थे, जबकि बेटा सुयश बिजली का काम करता था और बाजारखाला में उसकी लाइट एंड साउंड की दुकान थी। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क है।

पढ़ें :- लखनऊ में ढाबा संचालक की हत्या, वीडियो बनाने से नाराज बदमाशों ने मारी माथे पर गोली
Advertisement