1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. Maharajganj:बोर्ड परीक्षा केंद्रों में आपत्तियों की भरमार

Maharajganj:बोर्ड परीक्षा केंद्रों में आपत्तियों की भरमार

बोर्ड परीक्षा केंद्रों में आपत्तियों की भरमार

पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की 2025 की परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों की अनंतिम सूची जारी होने के बाद आपत्तियों की भरमार लग गई है। परीक्षा केंद्रों के संबंध में कुल 67 विद्यालयों ने आपत्ति दर्ज कराई है। इनमें 49 आनलाइन और 18 आफ लाइन आपत्ति आयी है। मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता वाली कमेटी द्वारा आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम सूची जारी की जाएगी। इन आपत्तियों में विद्यालय से परीक्षा केंद्र की अधिक दूरी होने, परीक्षा केंद्र विद्यालय पर क्षमता से अधिक परीक्षार्थियों का अलाटमेंट किए जाने, विद्यालय को परीक्षा केंद्र नहीं बनाए जाने की शिकायतें आयी हैं। इन आपत्तियों का निस्तारण मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में कमेटी करेगी। आपत्तियों का निस्तारण 23 नवंबर तक किया जाएगा। आपत्तियों के निस्तारण के बाद इसे अवलोकन के लिए माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की साइट पर अपलोड किया जाएगा। इसकी जांच पड़ताल के बाद बोर्ड द्वारा अंतिम सूची जारी की जाएगी। जिले में माध्यमिक शिक्षा परिषद से संचालित करीब 279 से अधिक माध्यमिक विद्यालयों ने अपने विद्यालय के संसाधनों का डाटा परिषद की वेबसाइट पर अपलोड किया था। इसमें से माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा 104 विद्यालयों को परीक्षा केंद्रों का निर्धारण करते हुए उसकी अनंतिम सूची ऑनलाइन अपलोड कर 11 नवंबर को सार्वजनिक किया था। इसमें दस राजकीय विद्यालय, 34 अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय व 60 स्ववित्त पोषित विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इसमें 14 नवंबर तक आपत्तियां मांगी गई थी। जिसके क्रम में कुल 67 आपत्तियां पड़ी हैं। पिछले वर्ष कुल 110 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। लेकिन इस बार छह परीक्षा केंद्र कम हो गए हैं।

पढ़ें :- लखनऊ में एआई सिटी के जरिए टेक्नोलॉजी हब बनाने की तैयारी तेज, योगी सरकार ने बढ़ाए कदम

इस बार 72906 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा

यूपी बोर्ड की 2025 की परीक्षा के लिए कुल 72096 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इसमें हाईस्कूल के 40119 व इंटरमीडिएट के 32487 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षार्थी भी परीक्षा की तैयारियों में जुट गए हैं।

प्रदीप कुमार शर्मा, डीआईओएस ने बताया परीक्षा केंद्रों की अनंतिम सूची जारी होने के बाद इसपर आपत्तियां मांगी गई थीं। आपत्तियां आ गई हैं। इसका निस्तारण कमेटी द्वारा किया जाएगा। इसके बाद बोर्ड द्वारा परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।

पढ़ें :- एयर शो के लिए संवर रही काशी, दीवारों पर उकेरी जा रही गंगा घाटों की छटा, डिवाइडर पर लगेंगे डमरू, त्रिशूल और ॐ के झंडे
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...