सोशल मीडिया पर एक जवान का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें माइनस 10 डिग्री की ठंड में उसकी वर्दी पूरी तरह जमकर पत्थर जैसी सख्त हो गई है। जवान वर्दी को छूकर दिखाता है कि उसमें जमी बर्फ कैसे टूट रही है।
Indian Army Viral Video: देश की सीमाओं पर तैनात जवान किन मुश्किल हालात में ड्यूटी करते हैं, इसका अंदाजा लगाना भी आसान नहीं है। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा ही वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक जवान जमा देने वाली ठंड के बीच अपनी वर्दी की हालत दिखाता नजर आ रहा है।
वायरल वीडियो में रात के समय चारों तरफ अंधेरा दिखाई देता है। बताया जा रहा है कि वहां तापमान माइनस 10 डिग्री के आसपास है। इसी दौरान जवान बाहर सूखने के लिए टांगी गई अपनी वर्दी दिखाता है।
वीडियो में जवान जब अपनी वर्दी को हाथ से मोड़ने या छूने की कोशिश करता है, तो उसमें जमी बर्फ टूटने की आवाज सुनाई देती है। कड़ाके की ठंड और बर्फ जमने की वजह से वर्दी पूरी तरह अकड़ चुकी है। उसकी हालत किसी लकड़ी या गत्ते के टुकड़े जैसी हो गई है, वर्दी इतनी सख्त हो चुकी है कि उसे मोड़ना भी मुश्किल नजर आता है।
इस दौरान जवान कहता है कि लोगों को सिर्फ फौजियों की एक लाख रुपये की सैलरी दिखाई देती है, लेकिन इसके पीछे की मेहनत, जमा देने वाली ठंड और मुश्किल हालात किसी को नजर नहीं आते। जवान की यह बात सोशल मीडिया पर लोगों को भावुक कर रही है।
वीडियो वायरल होने के बाद यूजर्स लगातार अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि करोड़ों रुपये देकर भी हर कोई माइनस 10 डिग्री की ठंड में ड्यूटी नहीं कर सकता। वहीं दूसरे यूजर ने कहा कि जवानों की सुविधाओं पर सवाल उठाने वालों को यह वीडियो जरूर देखना चाहिए। हालांकि, वायरल वीडियो में दिख रहे जवान की पहचान और घटना की वास्तविक लोकेशन की स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है।