मिशन शक्ति फेज-6.0: नौतनवा में एक दिन की प्रतीकात्मक सभासद बनीं छात्रा सिमरन वर्मा
पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आदर्श जूनियर हाईस्कूल नौतनवा की कक्षा आठ की छात्रा कुमारी सिमरन वर्मा को एक दिन के लिए प्रतीकात्मक सभासद बनाया गया। सभासद अनुज राय के कार्यालय में आयोजित इस पहल के दौरान सिमरन ने जनप्रतिनिधि की भूमिका निभाते हुए लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।
इस दौरान सिमरन ने वार्ड की साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर समस्याओं के शीघ्र समाधान का आग्रह किया। इस पहल से छात्रा को जनसमस्याओं को करीब से समझने और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों का अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिला।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय जायसवाल ने सिमरन की इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसे बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को उचित अवसर और प्रोत्साहन मिलने से उनमें आत्मविश्वास, सामाजिक जागरूकता और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।
मिशन शक्ति के तहत इस प्रकार की पहल बालिकाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने के साथ ही उन्हें भविष्य में नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करती है।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट

