नैनीताल। नैनीताल जिले के हल्द्वानी से पुलिस कार्यप्रणाली और अमानवीयता को कटघरे में खड़ा करने वाला एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां पर आभूषणों से जुड़े एक आपसी विवाद में पुलिस द्वारा बेटे को हिरासत में लिए जाने के बाद, गहरे मानसिक सदमे और तनाव के कारण उसकी मां की मौत हो गई। मृतका की पहचान सविता के रूप में हुई है। इस मार्मिक घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में स्थानीय नागरिकों और परिजनों में भारी आक्रोश है और मामले की उच्च स्तरीय जांच करने की मांग हो रही है।
पढ़ें :- बेंगलुरु जेल में पूर्व सांसद 'प्रज्वल रेवन्ना' के पास से बरामद हुआ मोबाइल फोन, असिस्टेंट सुपरिटेंडेंट सस्पेंड
घटनाक्रम का पूरा विवरण
बीते मंगलवार रात करीब 9:30 बजे हल्द्वानी पुलिस ने आभूषणों के लेनदेन से जुड़े एक आपसी विवाद की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को हिरासत में ले लिया। बेटे को पुलिस के ले जाने के बाद मां सविता बुरी तरह घबरा गईं। उन्होंने रात से लेकर अगले दिन तक पुलिस अधिकारियों और कर्मियों से अपने बेटे को छोड़ने की लगातार विनती करती रही, लेकिन पुलिस का दिल नहीं पघला। जब पुलिस को कोई फर्क नहीं पड़ा तो बेटे की चिंता और पुलिस के कड़े रुख के कारण सविता गहरे मानसिक तनाव में चली गईं। उसके अगले दिन बुधवार शाम करीब 4 बजे अचानक उनके सीने में दर्द उठा और उनकी तबीयत बेहद गंभीर हो गई। जब मां की हालत गंभीर होने की खबर पुलिस थाने तक पहुंची, तो प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई के डर से पुलिस ने आनन-फानन में युवक को अपनी हिरासत से आजाद कर दिया।
अस्पताल में मृत घोषित
आपको बता दें कि मां की तबियत बिगड़ने पर परिजन और बेटा तुरंत सविता को लेकर नजदीकी अस्पताल भागे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद महिला को ‘ब्रॉड डेड’ यानी अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत घोषित कर दिया।
पढ़ें :- अमेरिका में अनियंत्रित पिकअप ट्रक ने डिवाइडर लांघकर कार को मारी टक्कर, आंध्र प्रदेश के 26 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत
पुलिस प्रशासन का रुख और दलील
इस मामले के तूल पकड़ने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बयान जारी किया है कि युवक को आभूषणों से जुड़े एक गंभीर विवाद के सिलसिले में पूछताछ के लिए लाया गया था। साथ ही पुलिस का कहना है कि मौत के स्पष्ट कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।