नौतनवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 14 लोगों का चालान
पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: नौतनवा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और संभावित विवादों पर अंकुश लगाने के लिए नौतनवा पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने अलग-अलग गांवों के 14 लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ शांतिभंग की आशंका में कार्रवाई की। सभी आरोपियों का भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170/126/135 के तहत चालान कर अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे रोकथाम जुर्म अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के दिशा-निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अभियान चलाया।
पुलिस कार्रवाई की जद में सिसवा उर्फ खोरिया, गजरही, करमहवा और चंडीथान गांव के लोग आए। गिरफ्तार लोगों में 22 से 50 वर्ष तक के महिला और पुरुष शामिल हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शेरबहादुर यादव, अभिनव पटेल, जयप्रकाश सिंह, अजय यादव सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।
थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने और विवादों को बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट