भाजपा स्थापना दिवस पर पंकज चौधरी ने स्वच्छ तीर्थ अभियान की शुरुआत किया
पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज 11 अप्रैल:: भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर चल रहे विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला में आज केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने वार्ड नंबर 11 सुकठिया स्थित हनुमान मंदिर परिसर की सफाई कर राष्ट्रव्यापी स्वच्छ तीर्थ अभियान का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर पंकज चौधरी ने ‘गांव चलो, वार्ड चलो’ अभियान के अंतर्गत आम जन से संपर्क साधते हुए सरकार की उपलब्धियों से संबंधित पत्रक वितरित किए। उन्होंने कहा कि भाजपा का मूल एजेंडा विकास है, और यही कारण है कि पार्टी ने प्रदेश और देश में विकास की एक नई इबारत लिखी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि बीते दस वर्षों में भारत एक सुरक्षित और समृद्ध राष्ट्र बन चुका है और अब वह दुनिया का नेतृत्व करने की ओर अग्रसर है।
उन्होंने बताया कि भारत आज विश्व की पाँचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है, और मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में इसे तीसरे स्थान तक ले जाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवाद और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के सिद्धांत भाजपा की विचारधारा की प्रेरणा हैं।
पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने यह भी कहा कि मोदी सरकार संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को साकार करने की दिशा में प्रतिबद्ध है।कार्यक्रम के दौरान लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और भाजपा कार्यकर्ताओं ने जनसंपर्क कर योजनाओं का प्रचार किया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष संजय पांडेय, सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया, जिला उपाध्यक्ष अमरनाथ पटेल, नगर अध्यक्ष आकाश श्रीवास्तव, सुशील श्रीवास्तव, अमित त्रिपाठी, डॉ. शांति शरण मिश्रा, पूर्व जिला उपाध्यक्ष सानंदन पटेल, श्याम नारायण यादव, वीरेंद्र लोहिया, अजय पटेल, अशोक त्रिपाठी सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।