डिजिटल, पर्दाफाश। पंजाब सरकार की आशीर्वाद योजना के तहत वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक 12,784 लाभार्थियों को 65.20 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। राज्य की सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने शनिवार को यह जानकारी दी। योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेटियों की शादी के लिए आर्थिक मदद दी जाती है।
पढ़ें :- पंजाब के ड्रग संकट पर सियासी संग्राम, हरभजन सिंह के वीडियो पर मंत्री बलजीत कौर का पलटवार
एक परिवार की दो बेटियों को मिल सकता है लाभ
योजना के तहत पात्र परिवार को बेटी की शादी के लिए 51,000 रुपये दिए जाते हैं। एक परिवार की अधिकतम दो बेटियां इस सहायता के लिए पात्र हैं। मंत्री के मुताबिक अब तक अनुसूचित जाति वर्ग के 8,774 लाभार्थियों को 44.75 करोड़ रुपये दिए गए हैं। वहीं पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 4,010 लाभार्थियों को 20.45 करोड़ रुपये की सहायता मिली है।
13 हजार से ज्यादा आवेदनों पर प्रक्रिया जारी
डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि अनुसूचित जाति वर्ग के 9,183 और पिछड़ा वर्ग तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 4,342 लाभार्थियों के मामलों में सहायता जारी करने की प्रक्रिया चल रही है। योजना की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के जरिए भेजी जाती है। मंत्री ने अधिकारियों को आवेदनों का सत्यापन और निपटारा तेजी से करने के निर्देश दिए, ताकि कोई पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे।