मानदेय बढ़ोतरी के मुद्दे पर रमाकांती त्रिपाठी ने उठाई आवाज, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: आंगनवाड़ी मानदेय में चार हजार रुपये की बढ़ोतरी के दावे को भ्रामक बताते हुए आंगनवाड़ी सहायिका संगठन ने शुक्रवार को जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। संगठन की लीगल एडवाइजर रमाकांती त्रिपाठी एडवोकेट की अध्यक्षता में तथा संगठन की अध्यक्ष कुसुम कांति त्रिपाठी के नेतृत्व में ज्ञापन देकर सरकार से वादे के अनुरूप मानदेय बढ़ोतरी का शासनादेश जारी करने की मांग की गई।
रमाकांती त्रिपाठी ने मानदेय बढ़ोतरी के मुद्दे पर संगठन का पक्ष रखते हुए ज्ञापन के माध्यम से कहा कि सरकार की ओर से चार हजार रुपये की बढ़ोतरी का प्रचार किया जा रहा है, जबकि संगठन के मुताबिक वास्तविक बढ़ोतरी केवल 1500 रुपये ही हुई है। संगठन ने इसे आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के साथ छलावा बताते हुए नाराजगी जताई।
ज्ञापन में मांग की गई कि सरकार अपने वादे के अनुरूप मानदेय में चार हजार रुपये की बढ़ोतरी का शासनादेश जल्द जारी करे, ताकि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को उनका अपेक्षित लाभ मिल सके।
इस दौरान बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं मौजूद रहीं।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट 