गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड : हल्द्वानी की रेणु धरियाल इन दिनों अपने बालों की वजह से दुनियाभर में चर्चा में हैं। उनके बालों की लंबाई इतनी ज्यादा है कि उन्होंने ‘सबसे लंबे बालों वाली जीवित महिला’ का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। रेणु के बाल 271.50 सेंटीमीटर यानी करीब 8 फीट 10 इंच लंबे हैं। इस उपलब्धि के साथ उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो गया है।
पढ़ें :- हल्द्वानी की बेटी 'रेणु धरियाल' ने भारत के नाम किया दुनिया में सबसे लंबे बालों का 'गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड'
रेणु ने यूक्रेन की आलिया नासिरोवा का रिकॉर्ड तोड़ा है। आलिया के बालों की लंबाई 257.33 सेंटीमीटर दर्ज की गई थी। दिलचस्प बात यह है कि रेणु के बालों की लंबाई इतिहास में सबसे लंबे व्यक्ति रहे रॉबर्ट वाडलो की लंबाई 272 सेंटीमीटर के लगभग बराबर है।
2015 के बाद नहीं कटवाए बाल
रेणु के मुताबिक लंबे बाल रखने की प्रेरणा उन्हें भारतीय संस्कृति और परंपराओं से मिली। भारत में लंबे बालों को खूबसूरती और परंपरा से जोड़कर देखा जाता है। इसी सोच से प्रभावित होकर उन्होंने साल 2015 के बाद अपने बाल नहीं कटवाए। अब स्थिति यह है कि रेणु जब खुले बालों के साथ चलती हैं तो उनके बाल जमीन तक पहुंच जाते हैं। बालों को संभालने के लिए उन्हें अक्सर मोटी चोटी बनानी पड़ती है, ताकि उन्हें मैनेज करना आसान हो सके।
बालों की देखभाल में लग जाते हैं कई घंटे
पढ़ें :- '3 साल हो गए, अभी तक कोई ज़मीन नहीं मिली...' क्रिकेटर ऋषभ पंत ने देर रात CM पुष्कर सिंह धामी से लगायी गुहार, जानें- पूरा मामला
इतने लंबे बालों को संभालना रेणु के लिए आसान काम नहीं है। उन्हें बाल धोने, सुखाने और सुलझाने में काफी समय लग जाता है। इसके बावजूद उन्होंने अपने बालों की देखभाल का तरीका नहीं बदला। रेणु एक यूट्यूबर और कंटेंट क्रिएटर भी हैं। वह अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए बालों की देखभाल से जुड़े टिप्स साझा करती हैं। खास बात यह है कि वह बाजार में मिलने वाले कई केमिकल वाले प्रोडक्ट्स से दूरी रखती हैं और घर पर तैयार किए जाने वाले हेयर ऑयल और शैंपू की जानकारी भी अपने फॉलोअर्स के साथ शेयर करती हैं।
रिकॉर्ड के साथ भारत का नाम रोशन करने की कोशिश
रेणु के लंबे बाल अब उनके लिए सिर्फ पहचान नहीं, बल्कि एक विश्व रिकॉर्ड बन चुके हैं। जब वह खुले बालों के साथ बाहर निकलती हैं या सोशल मीडिया पर तस्वीरें और वीडियो शेयर करती हैं तो लोग उन्हें देखकर हैरान रह जाते हैं। रेणु का कहना है कि वह अपने इस रिकॉर्ड के जरिए अपने क्षेत्र और भारत को दुनियाभर में पहचान दिलाना चाहती हैं। उनका मानना है कि अगर इंसान किसी लक्ष्य को लेकर लगातार मेहनत करता रहे और अपनी जड़ों व प्राकृतिक पहचान से जुड़ा रहे, तो बड़े से बड़ा मुकाम हासिल किया जा सकता है।