Sikkim Tunnel Collapse : सिक्किम के नामची ज़िले में एक दिन पहले निर्माणाधीन सुरंग के ढहने से आठ मज़दूरों की मौत की खबर है। झोलुंगे के समरडुंग में NHPC तीस्ता स्टेज VI हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट की सुरंग भूस्खलन के कारण ढह गई। सोमवार दोपहर भूस्खलन के कारण निर्माणाधीन सुरंग का प्रवेश द्वार बंद हो गया और गैस रिसाव की आशंका के बीच लगभग 27 कर्मचारी अंदर फंस गए। जिनको निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
पढ़ें :- PM आवास के बाहर कांग्रेस का धरना जारी, केंद्रीय मंत्री पहुंचे; राहुल गांधी ने रखीं 5 मांगें
सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने मंगलवार को बताया कि नामची ज़िले के समरडुंग, झोलुंगे में NHPC तीस्ता स्टेज VI हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट की निर्माणाधीन सुरंग में हुई दुखद घटना के बाद, माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने मुझसे बात करके स्थिति और चल रहे बचाव कार्यों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने एक्स पोस्ट में कहा, “प्रभावित कर्मचारियों और उनके परिवारों के प्रति उनकी चिंता और संवेदना, साथ ही भारत सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा मिलने से सिक्किम के लोगों को इस मुश्किल घड़ी में बहुत हिम्मत और तसल्ली मिली है।”
मुख्यमंत्री प्रेम तमांग आगे कहा, “NDRF, SDRF, SSDMA, ज़िला प्रशासन, स्थानीय पुलिस, रंगपो PHC की मेडिकल टीमें और स्थानीय समुदाय बचाव कार्यों में मदद करने और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता पहुँचाने के लिए पूरी लगन और आपसी तालमेल के साथ काम कर रहे हैं। सिक्किम के लोगों की ओर से, मैं माननीय प्रधानमंत्री जी का दिल से आभार व्यक्त करता हूँ कि उन्होंने दुख की इस घड़ी में हमारे राज्य का अटूट समर्थन किया, गहरी चिंता दिखाई और हमारे साथ मज़बूती से खड़े रहे। हम उनके निरंतर मार्गदर्शन और हर तरह से सिक्किम के साथ खड़े रहने के भारत सरकार के संकल्प की बहुत सराहना करते हैं।”