उत्तर प्रदेश के सीतापुर में रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां बहू को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंची 60 वर्षीय महिला की उसके भतीजे ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। आरोपी ने महिला पर एक के बाद एक कई वार किए..
सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां बहू को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंची 60 वर्षीय महिला की उसके भतीजे ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। आरोपी ने महिला पर एक के बाद एक कई वार किए। घटना के बाद ग्रामीणों ने भाग रहे आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
बहू पर हमला करने पहुंचा था आरोपी
मामला कमलापुर थाना क्षेत्र के सुजौलिया गांव का है। भोला के मुताबिक, गुरुवार सुबह वह खेत पर गया था। इसी दौरान उसकी मां रामदेवी पड़ोस में रहने वाले अपने चचेरे भाई दीपू के घर पहुंचीं। वहां दीपू की पत्नी सरोजनी भी मौजूद थीं।
आरोप है कि इसी दौरान प्रदीप उर्फ शंभु कुल्हाड़ी लेकर वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए सरोजनी पर हमला करने दौड़ा। रामदेवी ने बीच में आकर सरोजनी को बचाने की कोशिश की। इससे नाराज होकर आरोपी ने अपनी ताई पर ही कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए।
चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण
हमले में रामदेवी के सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। वह जमीन पर गिर पड़ीं और उनकी मौत हो गई। सरोजनी किसी तरह वहां से निकलकर शोर मचाने लगीं। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी भागने लगा, लेकिन लोगों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया। मां की हत्या की खबर मिलने पर भोला भी खेत से घर पहुंचा। वहां मां का खून से लथपथ शव देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
घटना की सूचना पर सीओ सिधौली वेद प्रकाश श्रीवास्तव और कमलापुर थाना प्रभारी इतुल चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। अधिकारियों के मुताबिक, मृतका के बेटे की तहरीर पर प्रदीप के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है।
परिजनों के मुताबिक, प्रदीप मानसिक रूप से कमजोर है। हालांकि, किसी को अंदाजा नहीं था कि विवाद के दौरान वह इतना हिंसक हो जाएगा। रामदेवी की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।