मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ सपा का जोरदार प्रदर्शन, फूंका पुतला
पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित सक्सेना चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध जताया और मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका।
प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने “ज्ञानेश कुमार मुर्दाबाद” और “वोट चोर, गद्दी चोर” जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सपा नेता अमित चौबे ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी लगातार अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।
सक्सेना चौराहे पर जुटे सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार एवं चुनाव आयोग के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। प्रदर्शनकारियों ने लोकतांत्रिक व्यवस्था में निष्पक्ष चुनाव और मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग उठाई।
इस मौके पर समाजवादी लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष संजय कनौजिया समेत बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट
