Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. जलभराव का मुख्य कारण भाजपाई भ्रष्टाचार की वजह से जलनिकासी की व्यवस्था का फ़ेल हो जाना है : अखिलेश यादव

जलभराव का मुख्य कारण भाजपाई भ्रष्टाचार की वजह से जलनिकासी की व्यवस्था का फ़ेल हो जाना है : अखिलेश यादव

By Abhimanyu 
Updated Date

UP Rain and Waterlogging : यूपी के कई जिलों में लगातार हो रही बारिश ने जन-जीवन को अस्त-व्यस्त कर रखा है। इस दौरान भारी बारिश के बाद सड़कों पर जलभराव देखने को भी मिला। जिसको लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सत्ताधारी पार्टी भाजपा पर निशाना साधा है। अखिलेश ने आरोप लगाते हुए कहा कि शहरों में जलभराव का मुख्य कारण भाजपाई भ्रष्टाचार की वजह से जलनिकासी की व्यवस्था का फ़ेल हो जाना है।

पढ़ें :- वित्त मंत्रालय के आंकड़ों पर अखिलेश का पलटवार : बैंकों के निजीकरण, खाते से पैसे कटने और ऑनलाइन फ्रॉड समेत 12 मुद्दों पर दागे सवाल

दरअसल, पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से जलभराव वाले इलाकों की वीडियो शेयर की। इसके साथ उन्होंने एक्स पर रविवार को लिखा, ‘शहरों में जलभराव का मुख्य कारण अधिक वर्षा नहीं बल्कि भाजपाई भ्रष्टाचार की वजह से जलनिकासी की व्यवस्था का फ़ेल हो जाना है। नाली से लेकर नाले तक गंदगी से जाम हैं तो पानी निकलेगा कहाँ से। विभिन्न तरह के प्रदूषण व नालों के नदियों में गिरने की वजह से नदियों का बहाव गाद के जमा होने की वजह से बुरी तरह बाधित हुआ है। बंधा बनाकर उफनती नदी के पानी को रोकना कोई कारगर उपाय नहीं है। हम भविष्य में नदियों की गाद हटाकर उनको गहरा करने का काम करेंगे जिससे नदियाँ अविरल मतलब बिना किसी रुकावट के प्राकृतिक रूप से बह सकें और उनके अंदर के जीव-जंतु व इकोसिस्टम से नदियाँ स्वयं निर्मल हो सकें।’

सपा प्रमुख ने आगे लिखा, ‘राजधानी लखनऊ हो या स्मार्ट सिटी गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज जैसे बड़े अन्य शहर सब जगह हाल-बेहाल है। गंदगी से बीमारी फैलने का डर भी है। विशेष रूप से नदी के किनारे बसे व नदीय अर्थव्यवस्था पर आधारित लोगों का जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। ऐसा लगता है कि भाजपा सरकार की आँख का पानी भी बहकर जलराशि को बढ़ा रहा है। भाजपा जाएगी, नदी जीवन पाएगी।’

Advertisement