सोनौली में हाईवे के कट खुलने से व्यापारियों में खुशी, प्रशासन ने लिया त्वरित संज्ञान
पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: भारत-नेपाल सीमा के प्रमुख व्यापारिक कस्बे सोनौली में हाईवे के डिवाइडर पर बने कटों को बंद किए जाने को लेकर व्यापारियों और नगरवासियों की चिंता आखिरकार रंग लाई। व्यापारियों और सपा नेता बैजू यादव ने लगातार उपजिलाधिकारी नौतनवा, एनएचएआई तथा संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर नगर की भौगोलिक स्थिति और स्थानीय आवागमन की समस्या को प्रमुखता से उठाया। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन और एनएचएआई के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और व्यापारियों व नगरवासियों की जरूरत के अनुसार बंद किए गए कटों को खोल दिया। कट खुलने के बाद व्यापारियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
दरअसल, सोनौली कस्बे में राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने कई कटों को सड़क निर्माण कार्य के दौरान बंद कर दिया गया था। इससे बाजार के दोनों ओर आवागमन प्रभावित होने लगा था। व्यापारियों का कहना था कि सोनौली सामान्य कस्बा नहीं, बल्कि भारत-नेपाल सीमा का महत्वपूर्ण व्यापारिक और आवागमन केंद्र है। ऐसे में बाजार के बीच बने कट स्थानीय दुकानदारों, ग्राहकों, राहगीरों और नगरवासियों के लिए बेहद जरूरी हैं।
मामले को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के सोनौली नगर अध्यक्ष अजय उर्फ बबलू सिंह और लोहिया वाहिनी समाजवादी के राष्ट्रीय सचिव बैजू यादव के नेतृत्व में व्यापारियों ने प्रशासन के समक्ष अपनी समस्या रखी। व्यापारियों ने उपजिलाधिकारी नौतनवा कुणाल, क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत सिंह तथा एनएचएआई के अधिकारियों के साथ लगातार वार्ता कर समस्या के स्थायी समाधान की मांग की।
व्यापारियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी कुणाल, क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह और एनएचएआई के अधिकारी आज मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने व्यापारियों और नगरवासियों के साथ हाईवे के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया और यह समझने का प्रयास किया कि किन स्थानों पर कट बंद होने से स्थानीय लोगों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है।
मौके पर व्यापारियों ने अधिकारियों को बताया कि सोनौली बाजार में टेंपो स्टैंड से भारत द्वार तक करीब एक किलोमीटर के हिस्से में कई कट बने हैं। इन्हीं कटों के माध्यम से बाजार के दोनों ओर रहने वाले लोगों, दुकानदारों, ग्राहकों और राहगीरों का आवागमन होता है। यदि सभी कट बंद कर दिए जाते हैं तो लोगों को लंबी दूरी तय कर दूसरी तरफ जाना पड़ेगा, जिससे व्यापारिक गतिविधियों पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा।
व्यापारियों की मांग पर प्रशासन ने दिखाई तत्परता
लगातार बातचीत और मौके के निरीक्षण के बाद प्रशासन एवं एनएचएआई ने व्यापारियों और नगरवासियों की जरूरत को देखते हुए बंद किए गए कटों को खोलने की कार्रवाई की। कट खुलने के बाद बाजार में आवागमन सुचारु हुआ तो व्यापारियों ने राहत की सांस ली।
व्यापारियों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था जरूरी है, लेकिन स्थानीय परिस्थितियों और आम जनता की जरूरतों को ध्यान में रखकर ही व्यवस्था बनाई जानी चाहिए। प्रशासन ने इसी संतुलन को ध्यान में रखते हुए समस्या का समाधान किया है।
बैजू यादव ने जताया आभार
सपा नेता बैजू यादव ने कहा कि व्यापारियों और नगरवासियों की समस्या को लेकर लगातार प्रशासन तथा एनएचएआई के अधिकारियों के समक्ष बात रखी गई। उन्होंने कहा कि सोनौली के व्यापार और आमजन के आवागमन को प्रभावित करने वाली किसी भी समस्या को गंभीरता से उठाया जाएगा। उन्होंने कट खोलने की कार्रवाई के लिए प्रशासन और एनएचएआई के अधिकारियों का आभार जताया।
वहीं व्यापारियों ने भी कहा कि प्रशासन ने उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिस तत्परता के साथ मौके पर पहुंचकर समाधान कराया, उससे व्यापारियों में खुशी है।
सोनौली में हाईवे के कटों को लेकर शुरू हुआ विवाद फिलहाल प्रशासन की पहल से समाधान की ओर बढ़ गया है। कट खुलने से जहां व्यापारियों को राहत मिली है, वहीं नगरवासियों और ग्राहकों के लिए भी बाजार के दोनों ओर आवागमन आसान हो गया है।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट 
