Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सोनौली बॉर्डर पर जाम का कहर, दूसरे दिन भी थमी रही रफ्तार; मरीज, पर्यटक और स्कूली बच्चे बेहाल

सोनौली बॉर्डर पर जाम का कहर, दूसरे दिन भी थमी रही रफ्तार; मरीज, पर्यटक और स्कूली बच्चे बेहाल

पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: भारत-नेपाल के अंतरराष्ट्रीय सोनौली बॉर्डर पर यातायात व्यवस्था बेपटरी होती नजर आ रही है। बुधवार दोपहर लगे भीषण जाम ने जहां सीमा क्षेत्र की यातायात व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी, वहीं गुरुवार सुबह एक बार फिर वाहनों की लंबी कतारों ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। लगातार दूसरे दिन लगे जाम से यात्रियों, मरीजों, पर्यटकों, व्यापारियों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालात ऐसे रहे कि मुख्य मार्ग ही नहीं, बल्कि संपर्क मार्ग और गली-कूचे तक वाहनों से पट गए। अंतरराष्ट्रीय सीमा पर यातायात नियंत्रण की व्यवस्था को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं।

पढ़ें :- नैनीताल में हरियाणा के पर्यटकों से भरा टेंपो ट्रैवलर खाई में गिरा, 22 यात्री घायल, दो की हालत गंभीर

बुधवार दोपहर करीब एक बजे एसएसबी चौक से वाहनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत कतार में लगना था। आरोप है कि इसी दौरान एक कंटेनर चालक को काली मंदिर के पास एक ट्रांसपोर्ट संचालक ने पुलिस से बात होने का हवाला देकर आगे बढ़ने को कहा। इसके बाद कंटेनर चालक टेंपो स्टैंड की ओर निकल पड़ा। इसी बीच एसएसबी रोड पर भगवानपुर जाने वाले मार्ग के पास एक खराब ट्रक खड़ा होने से सड़क और संकरी हो गई।

आरोप है कि निर्धारित कतार में लगने के बजाय कुछ वाहनों को विपरीत दिशा से निकालने का प्रयास किया गया। इससे आमने-सामने वाहन आ गए और देखते ही देखते पूरा रास्ता अवरुद्ध हो गया। कथित लाइन कटिंग और पुलिसकर्मियों की मिलीभगत के आरोपों ने सीमा क्षेत्र की यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

गली-कूचों तक पहुंचा जाम, संपर्क मार्ग भी हुए चोक

मुख्य मार्ग पर वाहनों के पहिये थमते ही चालकों ने जाम से बचने के लिए आसपास के लिंक मार्गों का सहारा लेना शुरू कर दिया। इसका नतीजा यह हुआ कि एसएसबी रोड, मंदिर मार्ग समेत अन्य संपर्क रास्तों पर टेंपो, ऑटो और चार पहिया वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। देखते ही देखते पूरा इलाका जाम की गिरफ्त में आ गया। करीब दो घंटे तक लोग सड़क पर फंसे रहे। अपराह्न लगभग 3:15 बजे के बाद अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका।

बस में विदेशी पर्यटक फंसे, कार में सो गए स्कूली बच्चे

जाम की भयावह स्थिति का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पर्यटक बसों से लेकर निजी वाहनों तक में सवार लोग घंटों परेशान रहे। ट्रक चालक रामेश्वर ने बताया कि वाहन निर्धारित कतार में खड़े रहते हैं, लेकिन कुछ गाड़ियां लाइन काटकर आगे निकल जाती हैं और नेपाल की ओर चली जाती हैं। इससे कतार में लगे अन्य वाहनों को परेशानी होती है।

पर्यटक बस चालक उदयराज ने बताया कि विपरीत दिशा से वाहनों के आने के कारण रास्ता पूरी तरह बंद हो गया था। उनकी बस में विदेशी पर्यटक सवार थे, जो करीब एक घंटे तक जाम में फंसे रहे। वहीं सोनौली निवासी शंभू ने बताया कि वह नौतनवा स्थित स्कूल से बच्चों को लेकर दोपहर करीब एक बजे निकले थे, लेकिन जाम में करीब दो घंटे तक फंसे रहने के कारण बच्चे कार में ही सो गए। उन्होंने कहा कि बॉर्डर पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने से आम लोगों को आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

दूसरे दिन भी नहीं सुधरे हालात, गुरुवार सुबह फिर लगा जाम

बुधवार को घंटों की मशक्कत के बाद यातायात सामान्य होने के बावजूद गुरुवार सुबह से ही सोनौली बॉर्डर पर एक बार फिर भीषण जाम की स्थिति देखने को मिली। लगातार दूसरे दिन वाहनों की लंबी कतार लगने से सीमा पार आने-जाने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं। इससे यह सवाल और गहरा गया है कि आखिर बुधवार की घटना से जिम्मेदारों ने क्या सबक लिया? यदि समय रहते वाहनों की कतार, लाइन कटिंग और विपरीत दिशा से आवागमन पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया तो बॉर्डर पर जाम की समस्या और गंभीर हो सकती है।

बोले अधिकारी

पुलिस क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत कुमार सिंह ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस बल लगाकर जाम खुलवाया गया है। जाम लगने के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।

Advertisement