उत्तर प्रदेश में मानसून की दस्तक के साथ बुधवार को सोनभद्र, बलिया, मऊ, गाजीपुर समेत उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, यूपी में अब मानसून तेजी से आगे बढ़ेगा और अगले दो से तीन दिन में लखनऊ सहित 40 से अधिक जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून की दस्तक के साथ बुधवार को सोनभद्र, बलिया, मऊ, गाजीपुर समेत उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, यूपी में अब मानसून तेजी से आगे बढ़ेगा और अगले दो से तीन दिन में लखनऊ सहित 40 से अधिक जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि वर्तमान में जो परिस्थितियां बन रही हैं उसके मुताबिक गुरुवार से प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में वर्षा में वृद्धि होगी।
अगले चार दिन यानी रविवार तक 40 से अधिक जिलों में बूंदाबांदी से लेकर भारी बारिश की संभावना है। 30 जून तक प्रदेशभर में अच्छी बारिश होगी। मौसम विभाग ने कई इलाकों में भारी बारिश और वज्रपात का भी अलर्ट जारी किया है। दक्षिण-पश्चिम मानसून अब उत्तर भारत की ओर तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता के स्पष्ट संकेत मिल चुके हैं और अगले 24 से 48 घंटों में यह राज्य के लगभग सभी हिस्सों को कवर कर लेगा। इससे पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश होने की पूरी संभावना है।
राजधानी लखनऊ समेत पूर्वांचल तैयार है पहली झमाझम बारिश के लिए
पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों – लखनऊ, गोरखपुर, बनारस, बलिया, आजमगढ़ और प्रयागराज में पहले से ही आसमान में बादल मंडराने लगे हैं। तापमान में मामूली गिरावट और उमस की स्थिति मानसून की दस्तक का संकेत दे रही है। मौसम विभाग के अनुसार इन इलाकों में अगले 24 से 48 घंटों के भीतर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।
यूपी में अगले 7 दिन अब बारिश ही बारिश
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, बरेली, आगरा, सहारनपुर और नोएडा जैसे प्रमुख शहरों में भी मानसून की तेज रफ्तार से आमद की संभावना जताई गई है। विभाग ने कहा है कि पश्चिमी यूपी में मानसून सामान्य तिथि से लगभग 4 से 5 दिन पहले प्रवेश कर सकता है।
मानसून की चाल इस बार सामान्य से तेज
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया है कि इस बार मानसून सामान्य तिथि से काफी पहले केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और बिहार में प्रवेश कर चुका है। यहां तक कि राजस्थान, झारखंड और मध्य प्रदेश के भी कई हिस्से मानसून की बारिश से सराबोर हो चुके हैं। यही कारण है कि अब उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली-एनसीआर में भी मानसूनी बादल तेजी से सक्रिय हो रहे हैं।
देश के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, उत्तरी छत्तीसगढ़ और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे सावधानी बरतें और मौसम विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करें। इसके अलावा केरल, तटीय कर्नाटक, कोंकण और गोवा, तथा महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्रों में भी भारी वर्षा की संभावना है। इन इलाकों में मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी दी गई है।