Video: 'La ilaha illallah Muhammadur Rasulullah...' — Senior BJP leader Rajendra Rathore began reciting the Kalima during a rally following his daughter-in-law's election victory; the Congress party has targeted the BJP over the incident.
नई दिल्ली। देश में भारतीय जनता पार्टी मुखर होकर हिंदुत्व की राजनीति करती है, लेकिन उसी पार्टी से राजस्थान से सात बार के विधायक व नेता प्रतिपक्ष रह चुके राजेंद्र राठौड़ ने बहू का पंचायत चुनाव जीत सुनिश्चित हो। इसके लिए पार्टी की लीक से हटकर रैली में कलमा पढ़कर लोगों को चौंका दिया है। राजेंद्र राठौड़ ने हाल ही में राजस्थान के चुरू में एक जनसभा के दौरान इस्लाम का पहला कलमा पढ़ा। उनकी बहू कनिका सिंह चुरू जिला परिषद चुनाव में वार्ड 23 से चुनाव लड़ रही हैं।
पिथीसर गांव में एक सभा को संबोधित करते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि मेरा बस एक ही निवेदन है। खुदा एक है, भगवान एक है। इसके बाद उन्होंने ‘ला इलाहा इल्लल्लाह मुहम्मदुर रसूलुल्लाह’ कलमा पढ़ा। लोगों ने इसपर तालियां बजाईं। आपको बता दें कि इस्लाम में इसे पहला कलमा कहा जाता है। इसका अर्थ होता है, अल्लाह के सिवा कोई इबादत के लायक नहीं है और मुहम्मद अल्लाह के रसूल हैं।
उन्होंने महात्मा गांधी के प्रार्थना गीत की कुछ पंक्तियां भी गाई। ईश्वर अल्लाह तेरो नाम, सबको सद्बुद्धि दे भगवान। जात-पात पूछे न कोई, हरि को भजे सो हरि का होई। उन्होंने कहा, कि हम सब एक हैं। और हमारी रगों में जो खून दौड़ रहा है वह भी एक ही है।
अस्सलामु-अलैकुम कहकर बहू कनिका सिंह का संबोधन
भाजपा नेता ने आगे कहा कि मुझे यह कहते हुए कोई संकोच नहीं है कि आज तक मैंने केवल इंसानियत और मोहब्बत फैलाई है। कभी नफरत नहीं। आपको बता दें कि इससे पहले एक अन्य सभा में कनिका सिंह ने भी लोगों का अभिवादन ‘अस्सलामु-अलैकुम’ कहकर किया था। वह जिस वार्ड से चुनाव लड़ रही हैं वहां बड़ी संख्या में कायमखानी मुसलमान रहते हैं।
राठौड़ के बयान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा, कि यह कलमा नहीं है। कलमा एक अलग चीज है। लोगों को पता नहीं है इसलिए वे ‘कलमा’ शब्द का इस्तेमाल कर रहे हैं। मुझे पता है कि कलमा क्या है और मुझे उसका एक-एक शब्द याद है। यह बिल्कुल भी कलमा नहीं था। मैं यह तो नहीं कह सकता कि राजेंद्र जी को कलमा याद है या नहीं, लेकिन मुझे याद है।
मदन राठौड़, बोले-सलाम वालेकुम का जवाब वालेकुम अस्सलाम देना भी सामान्य बात है
राजेंद्र राठौड़ की बहू कनिका सिंह के अस्सलाम वालेकुम कहकर अभिवादन करने पर भी मदन राठौड़ ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अगर कोई नमस्कार करता है तो उसके जवाब में नमस्कार या नमस्ते कहना गलत नहीं है। इसी तरह सलाम वालेकुम का जवाब वालेकुम अस्सलाम देना भी सामान्य बात है।
कनिका के अलावा उनके पति और भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम राठौड़ भी चूरू जिला परिषद के वार्ड 39 से चुनाव लड़ रहे हैं।
कांग्रेस की तीखी प्रतिक्रिया
कांग्रेस की तरफ से भी प्रतिक्रिया आई है। पार्टी की प्रवक्ता स्वर्णिम चतुर्वेदी ने कहा कि आरएसएस और भाजपा की विचारधारा समाज को बांटने की है, लेकिन वोटों के लिए अब वे महात्मा गांधी के भजनों का पाठ कर रहे हैं। लोकसभा या विधानसभा चुनावों में वे किसी अल्पसंख्यक उम्मीदवार को टिकट भी नहीं देते हैं। लोग अब उनके इरादों को समझ गए हैं और वे गुमराह होने वाले नहीं हैं। वे समाज को बांटने वाली इस विचारधारा के खिलाफ वोट देंगे।
कौन हैं राजेंद्र राठौड़?
1990 से 2023 के बीच राजेंद्र राठौड़ लगातार सात बार विधायक चुने गए। 1990 में उन्होंने पहली बार जनता दल के टिकट पर चूरू से विधानसभा चुनाव जीता था। इसके बाद 1993, 1998, 2003, 2008, 2013 और 2018 में उन्होंने भाजपा उम्मीदवार के तौर पर जीत दर्ज की। इन्हें पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का करीबी नेता माना जाता है। 2013-18 तक वह राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रहे।