लखनऊ। यूपी के मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठ के पीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ आज अपना 54वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर सुबह से ही सियासी गलियारों से लेकर आम जनता तक, उन्हें बधाई देने का सिलसिला लगातार जारी है। सोशल मीडिया से लेकर जमीन तक सीएम योगी के प्रति लोगों का उत्साह साफ देखा जा सकता है।
पढ़ें :- 'कॉकरोच जनता पार्टी' को बड़ी राहत, प्रदर्शन के खिलाफ याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट का तत्काल सुनवाई से इनकार
सीएम योगी के जन्मदिन को लेकर प्रदेश की जनता और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश देखने को मिल रहा है। समर्थकों ने सीएम योगी की तस्वीर सामने रखकर भव्य आरती उतारी और उनके लंबे जीवन की दुआ मांगी। राजधानी लखनऊ में सुबह से ही मुख्यमंत्री आवास पर बधाई देने वालों की भीड़ जुटने लगी है। चारों तरफ उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत अन्य नेताओं ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना की।
पीएम मोदी ने सीएम योगी के लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उनके जन्मदिन पर विशेष रूप से बधाई देते हुए उत्तर प्रदेश के विकास में उनके योगदान को सराहा। पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को उनके जन्मदिन पर बहुत-बहुत शुभकामनाएं। राज्य की प्रगति के लिए उनके काम उल्लेखनीय हैं। उन्होंने हमेशा लोगों के जीवन की गुणवत्ता सुधारने और सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने पर ध्यान दिया है। मैं उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।
पढ़ें :- CM Yogi Birthday : सीएम योगी के जन्म दिन पर वाराणसी में काटा 54 किलो का लड्डू केक, कहीं सुंदरकांड पाठ, महायज्ञ और तो कहीं भंडारे का आयोजन
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी सीएम योगी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की कामना करता हूं। इसके अलावा देश और प्रदेश के तमाम बड़े नेताओं और मंत्रियों ने भी उन्हें बधाई संदेश भेजे हैं।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शुभकामनाएं देते हुए सीएम योगी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा कि उत्तर प्रदेश के लोकप्रिय एवं कर्मठ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की शुभकामनाएं। उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने सुशासन, सुरक्षा, विकास एवं जनकल्याण के क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित की हैं। उनके दृढ़ संकल्प और अथक परिश्रम के परिणामस्वरूप आज उत्तर प्रदेश प्रगति और समृद्धि के पथ पर तेज गति से अग्रसर है। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा जनसेवा के लिए निरंतर ऊर्जा और शक्ति प्रदान करें।
पढ़ें :- Rajya Sabha Elections 2026 : बीजेपी ने 6 राज्यों की 11 सीटों पर तय किए नाम, मध्यप्रदेश से तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल को बनाया उम्मीदवार
वहीं बसपा सुप्रीमो मायावती ने लिखा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता योगी आदित्यनाथ जी को आज उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई एवं उनके स्वस्थ्य जीवन व दीर्घायु होने की भी शुभकामनायें।
भाजपा सांसद एवं दिग्गज अभिनेत्री हेमा मालिनी ने सीएम योगी को शुभकामनाएं दीं। भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि यूपी के मुख्यमंत्री योगी के जन्मदिन पर उनके लिए ढेर सारी शुभकामनाएं। मथुरा के सांसद के तौर पर, अपने संसदीय क्षेत्र के विकास के बारे में उनसे बातचीत करना हमेशा सुखद रहता है। वे मेरी जरूरतों को समझते हैं क्योंकि मथुरा के लिए हमारा विजन एक जैसा है और वे हमेशा मदद के लिए तैयार रहते हैं। ईश्वर उन्हें लंबी और स्वस्थ आयु प्रदान करें और वे देश की सेवा में और भी कई वर्ष बिताएं।
भाजपा सांसद रवि किशन ने शुभकामनाएं देते हुए सीएम योगी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।