इन दिनों अपनी फिल्म नई नवेली को लेकर एक्ट्रेस यामी गौतम चर्चाओं में बनी हुई हैं लेकिन इसी बीच उन्होंने अपनी तस्वारों को एआई के इस्तेमाल से गलत तरीके से पेश होने की गहरी चिंता जताई है।
Yami Gautam Viral Post: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते इस्तेमाल के बीच तस्वीरों और वीडियो में बदलाव को लेकर बॉलीवुड अभिनेत्री यामी गौतम ने चिंता जताई है। अभिनेत्री ने लोगों से अपील की है कि उनकी सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान ली गई तस्वीरों को AI या किसी अन्य तकनीक की मदद से बदलकर पेश न किया जाए। यामी का कहना है कि किसी व्यक्ति की तस्वीर को उसकी जानकारी और सहमति के बिना बदलना उचित नहीं है, भले ही मकसद तस्वीर को ज्यादा बेहतर दिखाना ही क्यों न हो।
यामी गौतम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी बात रखते हुए कहा कि पब्लिक अपीयरेंस के दौरान खींची गई उनकी तस्वीरों का इस्तेमाल उसी मूल रूप में किया जाए। उन्होंने खास तौर पर AI की मदद से चेहरे, पहचान या तस्वीर के दूसरे हिस्सों में बदलाव करने से बचने की अपील की। अभिनेत्री ने लोगों से उनकी इस बात का सम्मान करने का अनुरोध भी किया।
यामी की यह अपील ऐसे समय सामने आई है, जब इंटरनेट पर AI और मॉर्फिंग के जरिए तैयार किए गए फर्जी कंटेंट को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। सोशल मीडिया पर किसी की तस्वीर या वीडियो में बदलाव कर उसे अलग संदर्भ में पेश किए जाने के मामले भी चर्चा में रहते हैं। हालांकि, अपनी पोस्ट में यामी ने किसी खास वायरल वीडियो का सीधे तौर पर जिक्र नहीं किया।
वर्कफ्रंट की बात करें तो यामी गौतम इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘नई नवेली’ को लेकर भी सुर्खियों में हैं। फिल्म में वह मोहिनी के किरदार में नजर आएंगी। यह फैमिली एंटरटेनर फिल्म है, जिसमें कॉमेडी, इमोशन, फैंटेसी और एक्शन का मिश्रण देखने को मिलेगा।
फिल्म में यामी का किरदार पहली नजर में जितना सीधा दिखाई देता है, कहानी आगे बढ़ने के साथ उसके अलग पहलू सामने आते हैं। ‘नई नवेली’ का निर्देशन किया गया है और इसे आनंद एल राय और हिमांशु शर्मा ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।