Social Media: सोशल मीडिया पर एक युवक का वीडियो इन दिनों लोगों को भावुक कर रहा है। इंस्टाग्राम पर @lazy_legend_guy नाम के अकाउंट से शेयर किए गए इस वीडियो में युवक अपनी जिंदगी के मुश्किल दौर के बारे में बात करता नजर आ रहा है। उसके मुताबिक, उसने एक-एक करके अपने परिवार के कई सदस्यों को खो दिया और अब खुद गंभीर बीमारी से जूझ रहा है।
पढ़ें :- उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर में शार्ट सर्किट से दो दुकानें जलकर राख, लाखों का नुकसान
वीडियो में युवक बताता है कि उसकी जिंदगी में मुश्किलों का सिलसिला परिवार के सदस्यों की मौत से शुरू हुआ। पहले उसकी बहन का निधन हुआ, इसके बाद पिता और फिर मां भी दुनिया छोड़कर चली गईं। लगातार हुए इन सदमों के बाद वह खुद को बेहद अकेला महसूस करने लगा। मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हुईं। युवक का कहना है कि वह ब्रेन ट्यूमर और मिर्गी जैसी स्वास्थ्य समस्याओं से भी जूझ रहा है। वीडियो में वह अपनी कुछ दवाइयां दिखाते हुए बताता है कि उसे अब तक कई बार मिर्गी के दौरे पड़ चुके हैं। इलाज के सिलसिले में वह वेल्लोर भी जा चुका है। वीडियो में सबसे ज्यादा भावुक कर देने वाली बात तब सामने आती है, जब युवक अपने अकेलेपन की परेशानी बताता है। वह कहता है कि बीमारी के दौरान आमतौर पर मरीज के साथ परिवार का कोई सदस्य होता है, लेकिन उसके पास अब ऐसा कोई नहीं है। डॉक्टर के पास जाना हो, इलाज कराना हो या बीमारी के दौरान खुद का ख्याल रखना हो, उसे सब कुछ अकेले ही करना पड़ता है।
वीडियो सामने आने के बाद बड़ी संख्या में सोशल मीडिया यूजर्स युवक के दर्द से भावुक नजर आए। कई लोगों ने उसकी हिम्मत की तारीफ की, जबकि कुछ यूजर्स ने उसके लिए मदद की अपील भी की। वीडियो की कहानी यह बयां कर रही है कि मुश्किल बीमारी से जूझ रहे व्यक्ति के लिए इलाज के साथ परिवार और भावनात्मक सहारे की कितनी अहमियत होती है।
रिर्पोट:
कल्पना पांडेय