कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में सोमवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती शादी की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। घटना जटहा बाजार थाना क्षेत्र के पड़रही चौराहे की है। युवती को टावर पर चढ़ा देख मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और उसे सुरक्षित नीचे उतारने के लिए समझाने में जुट गई।
पढ़ें :- 'सपा सरकार में बनेगी मेट्रो, भाजपा जाएगी तभी बनारस मुस्कराएगा!' काशी में अखिलेश यादव का भाजपा पर तंज
प्रेम संबंध और शादी से इनकार का आरोप
मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। युवती का आरोप है कि पड़ोसी गांव के एक युवक के साथ उसका प्रेम संबंध था। युवती के मुताबिक, युवक ने उसके साथ संबंध बनाने के बाद शादी करने से इनकार कर दिया। इसी बात से नाराज होकर वह मोबाइल टावर पर चढ़ गई और शादी कराने की मांग पर अड़ गई।
टावर से नीचे फेंकी चैटिंग की कॉपियां
टावर पर मौजूद युवती मोबाइल पर हुई चैटिंग और बातचीत से जुड़े फुटेज की कॉपियां नीचे फेंकती रही। मौके पर मौजूद लोग कागज उठाकर देखने लगे। इस दौरान पुलिसकर्मी और ग्रामीण युवती को समझाने की कोशिश करते रहे।
पढ़ें :- NEET परीक्षा में खुद को असफल समझ आत्महत्या कर बैठी छात्रा, मौत के बाद आया काउंसलिंग में नाम
घटना के बाद इलाके में हलचल मच गई। पुलिस युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटी रही। युवती की ओर से लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। मामले में पुलिस की कार्रवाई और आगे की स्थिति पर नजर बनी हुई है।