ओडिशा पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा को ₹200 करोड़ से अधिक के देशव्यापी क्रिप्टोकरेंसी पोंजी घोटाले में एक और बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने ‘यस वर्ल्ड’ (Yes World) नामक फर्जी क्रिप्टो कंपनी के मास्टरमाइंड चित्तरंजन महांति को जगतसिंहपुर जिले के गोपालपुर से गिरफ्तार किया है। इस नेटवर्क ने देश के आठ राज्यों में करीब 2.5 लाख से अधिक निवेशकों को अपना शिकार बनाया था।
भुवनेश्वर। ओडिशा पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा को ₹200 करोड़ से अधिक के देशव्यापी क्रिप्टोकरेंसी पोंजी घोटाले में एक और बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने ‘यस वर्ल्ड’ (Yes World) नामक फर्जी क्रिप्टो कंपनी के मास्टरमाइंड चित्तरंजन महांति को जगतसिंहपुर जिले के गोपालपुर से गिरफ्तार किया है। इस नेटवर्क ने देश के आठ राज्यों में करीब 2.5 लाख से अधिक निवेशकों को अपना शिकार बनाया था।
क्लाइमेट चेंज की आड़ में पोंजी स्कीम का खेल
जांच अधिकारियों ने बताया कि यह गिरोह सोशल मीडिया पर ‘ग्लोबल वॉर्मिंग’ और ‘क्लाइमेट चेंज’ को रोकने के झूठे दावों के साथ खुद को पर्यावरण अनुकूल संस्था के रूप में आम लोगों के सामने पेश करता था। साथ ही आरोपियों ने अपनी विश्वसनीयता बढ़ाने के लिए कई मशहूर हस्तियों के साथ तस्वीरों का इस्तेमाल किया। इसके अलावा यस वर्ल्ड नाम से वेब प्लेटफॉर्म और मोबाइल ऐप बनाकर निवेशकों को बेहद कम समय में भारी रिटर्न और ऊंचे ब्याज का लालच देकर करोड़ों रुपये ट्रांसफर करवाए गए।
आठ राज्यों में फैला था जाल, 2.5 लाख लोग हुए शिकार
आर्थिक अपराध शाखा के मुताबिक, इस पोंजी स्कीम का जाल ओडिशा के अलावा पंजाब, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, गुजरात, बिहार और झारखंड समेत आठ राज्यों में फैला हुआ था। साथ ही इन आरोपियों ने आलीशान होटलों में भव्य पार्टियां और सेमिनार आयोजित कर लोगों को फंसाया। इस धोखाधड़ी में देश भर के करीब 2.5 लाख लोगों के पैसे डूब चूके हैं। इसमें अकेले ओडिशा के 8,000 से अधिक निवेशक शामिल हैं। इस कंपनी के पास आरबीआई (RBI) की ओर से कोई वित्तीय जमा स्वीकार करने की अनुमति नहीं थी।
मनी ट्रेल की जांच जारी, कई आरोपी पहले भी गिरफ्तार
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी चित्तरंजन महांति कटक और भुवनेश्वर जैसे बड़े शहरों में बैठकें करता था और निवेशकों को जोड़ता था। साथ ही जांच में उसके बैंक खातों में सीधे तौर पर लाखों रुपये के गैरकानूनी लेनदेन का पता चला है। ध्यान देनेवाली बात यह हैं कि इस मामले में आर्थिक अपराध शाखा पहले भी कई बड़ी गिरफ्तारियां कर चुकी है, जिसमें यस वर्ल्ड का मुख्य सरगना संदीप चौधरी को जयपुर एयरपोर्ट से दुबई भागते समय पकड़ा गया था। इसमें शंकर सरकार, बसंत कुमार प्रधान और मनोज कुमार पटनायक भी शामिल हैं। पुलिस अब इस पूरे घोटाले की पैसों के लेन-देन के स्रोतों को छानबीन करने में जुटी हुई है, ताकि निवेशकों की रकम की पुन: रिकवरी हो सके।