1. हिन्दी समाचार
  2. क्रिकेट
  3. U19 Asia Cup 2026 : सहवाग के तूफान में उड़ा नेपाल, अंडर-19 एशिया कप में 10 विकेट से जीता भारत

U19 Asia Cup 2026 : सहवाग के तूफान में उड़ा नेपाल, अंडर-19 एशिया कप में 10 विकेट से जीता भारत

अंडर-19 एशिया कप (U19 Asia Cup) में भारत ने अपने अभियान की शुरुआत जीत से की है। भारतीय टीम ने अपने पहले मैच में नेपाल को 10 विकेट से रौंद दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए नेपाल की पारी 42.3 ओवर में 128 रन पर सिमट गई थी। जवाब में भारत ने 19.1 ओवर में बिना विकेट गंवाए लक्ष्य हासिल किया।

By santosh singh 
Updated Date

नई दिल्ली। अंडर-19 एशिया कप (U19 Asia Cup) में भारत ने अपने अभियान की शुरुआत जीत से की है। भारतीय टीम ने अपने पहले मैच में नेपाल को 10 विकेट से रौंद दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए नेपाल की पारी 42.3 ओवर में 128 रन पर सिमट गई थी। जवाब में भारत ने 19.1 ओवर में बिना विकेट गंवाए लक्ष्य हासिल किया। वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने चौके-छक्कों की बारिश की। उन्होंने 52 गेंद में सात चौके और चार छक्कों की मदद से नाबाद 70 रन की पारी खेली। वहीं, कप्तान लक्ष्य रायचंदानी 63 गेंद में सात चौके की मदद से 53 रन बनाकर नाबाद रहे।

पढ़ें :- U19 Asia Cup : टीम इंडिया के स्क्वॉड का ऐलान, सहवाग-द्रविड़ के बेटों को मिला मौका, दिवाली के दिन पाकिस्तान से होगा मुकाबला

इससे पहले नेपाल के लिए दर्श सोनार ने सबसे ज्यादा 43 रन बनाए थे। भारत की ओर से ईशान सूद और अर्जुन राजपूत ने तीन-तीन विकेट लिए। भारतीय अंडर-19 टीम ने आज अपने एशिया कप अभियान की शुरुआत की है। नेपाल अंडर-19 टीम से उसका मुकाबला अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड में हुआ। कप्तान लक्ष्य ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। इस मैच में राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ भी खेल रहे थे, लेकिन उन्हें बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला।

नेपाल की पारी

नेपाल को पहला झटका तीसरे ओवर में तीन के स्कोर पर लगा। ईशान सूद ने प्रसिद्ध जैशी को कैच आउट कराया। ईशान एक रन बना सके। वहीं, ईशान को दूसरी सफलता पांचवें ओवर में मिली, जब उन्होंने सूर्यांशु कोइराला को अर्जुन के हाथों कैच कराया। सूर्यांशु पांच रन बना सके। ईशान सूद ने कहर बरपाते हुए तीसरी सफलता भी हासिल की। उन्होंने निश्चल छेत्री को कैच आउट कराया। निश्चल खाता भी नहीं खोल सके। नेपाल को चौथा झटका 18वें ओवर में 51 के स्कोर पर लगा। नीरज यादव को मनल चौहान ने एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 48 गेंद में 20 रन बना सके।

इसके बाद आशीष लुहार और दर्श ने पांचवें विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी निभाई। इस साझेदारी को यशवीर गौड़ ने तोड़ा। उन्होंने आशीष को कैच आउट कराया। आशीष 29 रन बना सके। वहीं, सचिन भट्ट को अर्जुन राजपूत ने आउट किया। वह छह रन बना सके। अभय यादव और नितेश पटेल खाता खोले बिना आउट हुए। वहीं, दर्श ने 93 गेंद में एक चौका और एक छक्के की मदद से 43 रन की पारी खेली।

नेपाल को आखिरी झटका सुशील रावल के रूप में लगा। वह खाता खोले बिना आउट हुए। इस तरह नेपाल की पूरी पारी 128 रन पर सिमट गई। ईशान और अर्जुन के अलावा यशवीर गौड़ ने दो विकेट लिए। वहीं, काव्य पटेल और मनल चौहान को एक-एक विकेट मिला। नेपाल के आठ खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके। इनमें से चार खाता नहीं खोल पाए।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11

नेपाल अंडर-19: आशीष लुहार (विकेटकीपर), अभय यादव, बिपिन शर्मा (कप्तान), दर्श सोनार, नीरज कुमार यादव, निश्चल छेत्री, नितेश पटेल, प्रसिद्ध जैशी, सचिन भट्ट, सुशील रावल और सूर्यांशु कोइराला।

भारत अंडर-19: आर्यवीर सहवाग, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), अर्जुन राजपूत, ईशान सूद, काव्य पटेल, लक्ष्य राजेश रायचंदानी (कप्तान), मनल चौहान, मोहित उल्वा, यशवीर गौड़, वीके विनीत और यशवर्धन चौहान।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...