तापसी पन्नू और अभिनेत्री कंगना रनौत के बीच साल 2019-20 से चला आ रहा पुराना नेपोटिज्म और 'सस्ती कॉपी' वाला विवाद सोशल मीडिया पर एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। तापसी द्वारा एक इंटरव्यू में यह कहे जाने पर कि वे आज तक कभी कंगना से व्यक्तिगत रूप से नहीं मिली हैं, दोनों पक्षों की ओर से बयानबाजी तेज हो गई है।
Bollywood Controversy: तापसी पन्नू इन दिनों अपनी फिल्म ‘गांधारी’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। इसी दौरान एक एक इवेंट में उनसे कंगना रनौत के साथ पुराने विवाद को लेकर सवाल पूछा गया कि क्या अब दोनों के बीच सुलह हो गई है? इस पर तापसी ने कहा कि जब ये मुद्दे शुरू हुए थे, तब भी वह कंगना से नहीं मिली थीं और अब तक भी उनसे मुलाकात नहीं हुई है। तापसी ने यह भी कहा कि कंगना के बारे में उनकी राय उनकी अपनी परवरिश, बातचीत के तरीके और चीजों को देखने के नजरिए को दिखाती है, जबकि कंगना की अपनी राय है। उनके मुताबिक, दोनों के नजरिए अलग हैं और इसी से समझा जा सकता है कि कौन किस सोच के साथ आता है। लेकिन तापसी का यह बयान कंगना को रास नहीं आया।

तापसी के बयान पर कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए पलटवार किया। उन्होंने तापसी को ‘सस्ती कॉपी’ बताया और आरोप लगाया कि अपनी आने वाली फिल्म के प्रमोशन के दौरान तापसी मीडिया में चर्चा के लिए एक बार फिर उनका नाम ले रही हैं। कंगना ने यहीं बात खत्म नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि तापसी ने उनके माता-पिता और उनकी परवरिश का मजाक उड़ाया है। इसके बाद कंगना ने तापसी के पैरेंट्स को भी अपनी पोस्ट में घसीटते हुए कहा कि जब उनके माता-पिता ने उन्हें एक ओरिजिनल इंसान के तौर पर पाला, तो तापसी के माता-पिता ने ऐसी सस्ती कॉपी क्यों पैदा की। कंगना ने यहां तक कहा कि उन्हें उनके माता-पिता की कोशिशों पर तरस आता है।

अब ये पूरा विवाद समझने के लिए थोड़ा पीछे चलते हैं। कंगना और तापसी के बीच विवाद की शुरुआत करीब 2018 में हुई थी। उस वक्त तापसी ने एक इंटरव्यू में कंगना के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में उनके लिए ‘फिल्टर’ शब्द का इस्तेमाल किया था। इसके बाद कंगना की बहन रंगोली चंदेल ने तापसी को कंगना की सस्ती कॉपी कहा था। लेकिन इसपर दोनों के बीच विवाद सिर्फ एक बयान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि नेपोटिज्म और बॉलीवुड में आउटसाइडर्स को लेकर भी दोनों के बीच बयानबाजी हुई।
साल 2020 में कंगना ने एक इंटरव्यू में तापसी और स्वरा भास्कर को बी-ग्रेड एक्ट्रेस तक कह दिया था। कंगना ने नेपोटिज्म की बहस में दोनों अभिनेत्रियों का जिक्र करते हुए बॉलीवुड के कथित मूवी माफिया पर भी निशाना साधा था। यानी करीब 8 साल पहले शुरू हुई ये जुबानी जंग अब एक बार फिर सामने है। इस बार तापसी के पुराने विवाद पर दिए गए बयान के बाद कंगना ने बेहद तीखा पलटवार किया है।