Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ‘तीसरी बार BJP की सरकार बना दो, यूपी में भी UCC लागू कर देंगे’; अमित शाह ने राजधानी में किया बड़ा ऐलान

‘तीसरी बार BJP की सरकार बना दो, यूपी में भी UCC लागू कर देंगे’; अमित शाह ने राजधानी में किया बड़ा ऐलान

By Kalpna Pandey 
Updated Date

UCC in Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश की सियासत में समान नागरिक संहिता (UCC) का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने लखनऊ में बीजेपी कार्यसमिति की बैठक के दौरान ऐलान किया कि अगर उत्तर प्रदेश में बीजेपी की तीसरी बार सरकार बनती है तो यहां भी समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

पढ़ें :- 76 साल के हो चुके नरेंद्र मोदी के बाद भाजपा से प्रधानमंत्री कौन? अमित शाह ने अटकलों पर लगाया विराम, बोले- 2029 में चौथी बार वही बनेंगे देश के पीएम

अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि देश के कई राज्यों में समान नागरिक संहिता लागू हो चुकी है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं और जनता से बीजेपी को तीसरी बार सत्ता में लाने की अपील करते हुए कहा कि सरकार बनने पर यूपी में भी UCC लागू किया जाएगा।

अखिलेश यादव ने कसा तंज

अमित शाह के बयान पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘बड़ी देर कर दी, मेहरबां आते-आते।’ उनके इस बयान के बाद UCC को लेकर बीजेपी और विपक्ष के बीच सियासी बहस तेज होने के संकेत हैं।

बीजेपी को कोई नहीं हिला सकता: अमित शाह

अमित शाह ने कहा, ”यूपी में बीजेपी अंगद का पैर है उसे कोई नहीं हिला सकता है। आप कमर कस लो, अर्जुन की तरह मछली की आंख पर नजर रखो हमें सरकार बनानी है। 2014 में हमारे केवल 44 विधायक थे बहुत निराशा थी मैं तहसील तक गया, एक बार संगठन ठीक हो गया तो 2014 में यूपी में 41 प्रतिशत वोट के साथ 73 सीट जीतीं। 2017 में नोटबंदी हुई थी तो अखिलेश को रात भर नींद नहीं आई थी। हमने 40 प्रतिशत वोट लेकर 312 सीट जीती थीं। ”

योगी जी ने यूपी को माफियाओं से मुक्त किया

अमित शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश को माफियाओं से मुक्त कराने के लिए कठोर शासन दिया गया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी में प्रचंड बहुमत के साथ यहां पर बीजेपी की सरकार बनने जा रही है, इसमें कार्यकर्ताओ को दुविधा में रहने की जरूरत नहीं है। वहीं, अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार अगले 30 साल तक नहीं बनेगी।

पढ़ें :- UP Legislative Council Elections : अखिलेश यादव, बोले- धूमधाम मचाने वाले धड़ाम से गिरे, भाजपा पांच सीट नहीं 50 जिलों में हारी

अमित शाह के इस ऐलान के बाद उत्तर प्रदेश में UCC आगामी विधानसभा चुनाव का अहम राजनीतिक मुद्दा बन सकता है। अब देखना होगा कि बीजेपी इस वादे को अपने चुनावी एजेंडे में किस तरह आगे बढ़ाती है और विपक्ष इस पर क्या रुख अपनाता है।

Advertisement