उत्तर प्रदेश में मऊ जिले के दोहरीघाट स्थित मुक्तिधाम श्मशान घाट से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के साथ नींबू, नारियल, लाल धागे और सिंदूर जैसी सामग्री मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। इस घटना से जुड़ी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश में मऊ जिले के दोहरीघाट स्थित मुक्तिधाम श्मशान घाट से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के साथ नींबू, नारियल, लाल धागे और सिंदूर जैसी सामग्री मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। इस घटना से जुड़ी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, श्मशान घाट के शवदाह स्थल के पास जमीन पर नरेंद्र मोदी की तस्वीर रखी हुई थी। बता दें कि उनकी तस्वीर के आसपास नौ नींबू, जिनमें सुई चुभी हुई थी, चार नारियल, लाल धागा और सिंदूर जैसी चीजें दिखाई दीं। इस हैरान करनेवाले दृश्य को देखकर स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
सोशल मीडिया पर इन वायरल तस्वीरों को लेकर दावा किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर को सामने रखकर तंत्र-मंत्र या तांत्रिक क्रिया की गई। हालांकि, केवल तस्वीरों के आधार पर यह निश्चित रूप से नहीं कहा जा सकता कि वहां वास्तव में किस उद्देश्य से यह सामग्री रखी गई थी या कोई काला जादू किया गया था।
मामला सामने आने के बाद लोगों के बीच सवाल उठने लगे कि आखिर श्मशान घाट में प्रधानमंत्री की तस्वीर और इस तरह की सामग्री कौन लेकर आया और इसके पीछे क्या मकसद था। फिलहाल इस पूरे मामले की वास्तविकता और इसके पीछे शामिल लोगों को लेकर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। साथ ही तंत्र-मंत्र किए जाने के दावे की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।