नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विवादित बयान दिया, जिसको लेकर सियासी बवाल मच गया। कांग्रेस अध्यक्ष ने पीएम मोदी को आतंकवादी कह दिया, जिसको लेकर अब हंगामा मचा हुआ है। बीजेपी ने इसे लेकर कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है और खरगे से देश से माफी मांगने की मांग रखी है।
पढ़ें :- कांग्रेस ने मोदी सरकार पर परिसीमन जोड़कर महिला आरक्षण टालने का लगाया आरोप, सोनिया-राहुल के पत्र का जिक्रकर जयराम रमेश ने कहा- लागू करने में देरी क्यों?
दरअसल, चेन्नई में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा, ‘ये AIADMK के लोग खुद तो अन्नादुरई की फोटो लगाते हैं, फिर वे मोदी के साथ कैसे जुड़ सकते हैं? वह एक आतंकवादी हैं। उनकी पार्टी समानता और न्याय में विश्वास नहीं करेगी। ये लोग उनके साथ जुड़ रहे हैं, इसका मतलब है कि वे लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं।’
इस बयान के बाद कांग्रेस अध्यक्ष ने अपनी सफाई भी दी। उन्होंने कहा कि, PM मोदी लोगों और राजनीतिक पार्टियों को डरा रहे हैं। मैंने कभी नहीं कहा कि वह आतंकवादी हैं। मेरा मतलब है, मैं साफ करना चाहता हूं कि मोदी हमेशा धमकी देते हैं। ED, IT और CBI जैसी संस्थाएं उनके हाथ में हैं। वह डिलिमिटेशन भी अपने हाथ में लेना चाहते हैं। वहीं, इसको लेकर भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कांग्रेस और खरगे पर निशाना साधा है।
उन्होंने कहा कि, ‘यह न केवल निंदनीय है बल्कि कांग्रेस पार्टी के मानसिकता को दर्शाता है। यह जुबान का फिसलना नहीं है। भले ही वे कोई सफाई दें, याद रखें यह कांग्रेस पार्टी की सोची-समझी साजिश है। रोजाना राहुल गांधी प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते हैं और आज राहुल के इशारे पर मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री को आतंकवादी कहा। कांग्रेस को याद रखना चाहिए कि जब भी कांग्रेस पार्टी ने प्रधानमंत्री का अपमान किया है, भारत की जनता ने उसे सजा दी है। इस बार भी भारत की जनता जवाब देगी।’