दिल्ली के कल्याणपुरी में डिलीवरी बॉय समीर हुसैन की मौत का मामला चर्चा में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 10 रुपये के फटे नोट को लेकर हुए विवाद में उन्हें सार्वजनिक रूप से थप्पड़ मारे गए थे। इसके बाद उन्होंने कीटनाशक खा लिया, जिससे उनकी मौत हो गई। सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर भावुक पोस्ट साझा की जा रही हैं।
Delivery Boy Assault Case: दिल्ली में महज 10 रुपये के फटे नोट को लेकर शुरू हुआ विवाद एक डिलीवरी एग्जीक्यूटिव की मौत तक पहुंच गया। ऑनलाइन डिलीवरी करने निकले युवक के साथ कथित मारपीट की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मामूली रकम को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि मामला पुलिस तक पहुंच गया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की और जांच शुरू कर दी।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, 24 वर्षीय डिलीवरी एग्जीक्यूटिव समीर हुसैन एक डिलीवरी देने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान भुगतान को लेकर विवाद हो गया। बताया गया कि उसे नकद पैसे दिए, जिसमें एक फटा हुआ 10 रुपये का नोट भी शामिल था। जब समीर ने आपत्ति जताई, तो ग्राहक ने कथित तौर पर उससे कहा, “इसे लो या छोड़ दो” इसी वजह से मामला बढ़ गया। आरोप है कि विवाद के दौरान ग्राहक ने उन्हें गाली दी, और समीर के साथ मारपीट की गई।
सार्वजनिक रूप से थप्पड़ मारे जाने के बाद डिलीवरी बॉय ने कीटनाशक खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। जिसके बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया। अब परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है और दिल्ली पुलिस से कार्रवाई की मांग कर रहा है।
वायरल वीडियो पर लोग अपनी अलग-अलग प्रतिक्रिया देते हुए इस घटना पर दुःख जता रहे हैं। डिलीवरी पार्टनर्स के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने की अपील करते हुए लोग कह रहे हैं कि, जो लोग हमारी सुविधाओं के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं और हमारे दरवाजे तक सामान पहुंचाते हैं, वे भी सम्मान और आत्मसम्मान के हकदार हैं।
वहीं पुलिस ने शुरुआत में कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया। रिपोर्ट के अनुसार, समीर की मौत के बाद मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित धारा भी जोड़ी गई। फिलहाल, विवाद किन परिस्थितियों में हुआ, मारपीट की क्या भूमिका रही और समीर की मौत के पीछे की परिस्थितियां क्या थीं, इन सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है कि छोटी-सी बात पर होने वाला विवाद किस तरह गंभीर रूप ले सकता है।