Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. अपराध
  3. चेन्नई के नजदीक नाडू पलानी मुरुगन मंदिर से करोड़ों की पन्ना मूर्ति गायब, CCTV पर पेंट स्प्रे कर सुरक्षा घेरा तोड़ा

चेन्नई के नजदीक नाडू पलानी मुरुगन मंदिर से करोड़ों की पन्ना मूर्ति गायब, CCTV पर पेंट स्प्रे कर सुरक्षा घेरा तोड़ा

By Sushil Sah 
Updated Date

चेन्नई। तमिलनाडु के चेंगलपट्टू जिले में मदुरंतकम के समीप स्थित प्रसिद्ध श्री मरगथा बाला दंडायुधपाणि मुरुगन मंदिर से चोरों ने बेहद शातिर तरीके से भगवान मुरुगन की बेशकीमती पन्ना मूर्ति चोरी कर ली है। इस मूर्ति की कीमत अंतर्राष्ट्रीय बाजार में करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।

पढ़ें :- पूर्वी दिल्ली में पुलिस ने 2.5 किलो चोरी की चांदी के साथ नाबालिग को किया गिरफ्तार

शातिर तरीके से दिया वारदात को अंजाम

पुलिस की रिर्पोट के मुताबिक, चोरों ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह से नाकाम कर दिया। मंदिर परिसर में गर्भगृह की सुरक्षा के लिए लगाए गए तीन लोहे के दरवाजों के तालों को चोरों ने कटर की मदद से काट दिया। उसके बाद अपनी पहचान छुपाने के लिए चोरों ने मंदिर परिसर में लगे सभी मुख्य सीसीटीवी कैमरों के लेंस पर रंगीन पेंट स्प्रे कर दिया। इसके अलावा मंदिर के सुरक्षा सायरन और अलार्म सिस्टम के तारों को काटकर निष्क्रिय कर दिया गया ताकि चोरी के समय कोई आवाज न हो।

मैसूर से लाई गई थी 2.25 फीट ऊंची मूर्ति

चोरी की गई भगवान मुरुगन की मूर्ति पूरी तरह से कीमती पन्ने से बनी है और इसकी ऊंचाई 2.25 फीट है। इस अत्यंत दुर्लभ मूर्ति को साल 2008 में कर्नाटक के मैसूर से लाकर इस मंदिर के गर्भगृह में स्थापित किया गया था, जिसके बाद से यह स्थानीय श्रद्धालुओं की आस्था का बड़ा केंद्र बन गई थी।

पढ़ें :- हरियाणा के सरकारी स्कूलों में सुरक्षा सख्त, बाहरी लोगों और अभिभावकों के लिए नो-एंट्री

रेकी और सुनियोजित साजिश का शक

इस घटना का पता बुधवार सुबह तब चला जब मंदिर के पुजारी हमेशा की तरह कपाट खोलने पहुंचे। पुलिस को शक है कि चोरों ने पहले आम भक्तों के भेष में आकर मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था की पूरी रेकी की थी। इसके बाद चोर मंदिर के पिछले हिस्से में बनी एक विशाल मूर्ति के सहारे ऊपर चढ़कर मुख्य परिसर के भीतर दाखिल हुए थे।

दो विशेष पुलिस टीमों का गठन

इस घटना की सूचना मिलते ही चित्तामुर पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। वर्तमान में खोजी कुत्तों (Dog Squad) और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की मदद से सबूत जुटाए जा रहे हैं। जिला पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया है। साथ ही पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस चोरी के पीछे प्राचीन मूर्तियों की तस्करी करने वाला कोई अंतर्राष्ट्रीय या अंतरराज्यीय गैंग भी शामिल है।

पढ़ें :- SEBI का बड़ा एक्शन, अदाणी ग्रुप मामले में FPIs के साथ सेटलमेंट करने से साफ इनकार, अब होगी सख्त कार्रवाई
Advertisement