Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तराखंड
  3. आश्वासनों से तंग आकर ग्रामीणों ने उठाया फावड़ा, खुद ही सड़क बनाने में जुटे, तीन किमी सड़क के लिए शुरू किया श्रमदान

आश्वासनों से तंग आकर ग्रामीणों ने उठाया फावड़ा, खुद ही सड़क बनाने में जुटे, तीन किमी सड़क के लिए शुरू किया श्रमदान

By Sushil Sah 
Updated Date

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले से सरकारी व्यवस्था और ग्रामीणों की परेशानी का पर्दाफाश करने वाली एक खबर सामने आई है। यहां पर पिछले कई वर्षों से सड़क का इंतजार कर रहे ग्रामीणों ने अंतत: खुद ही सड़क बनाने का फैसला कर लिया। यहां पर शासन-प्रशासन से लगातार आश्वासन मिलने के बावजूद भी सड़क निर्माण की मंजूरी नहीं मिलने पर गांववालें अब श्रमदान करके सड़क तैयार करने में जुट गए हैं।

पढ़ें :- Rishikesh Bus Accident : रेलिंग तोड़कर 100 मीटर गहरी खायी में गिरी बस, अब तक 6 लोगों की मौत, 20 से ज्यादा घायल

क्या है पूरा मामला?

रिर्पोटों के मुताबिक, यह मामला उत्तराखंड के चमोली जिले के कर्णप्रयाग विकासखंड के मोली-गनोली गांव का है। ग्रामीण पिछले कई वर्षों से मोटर मार्ग की मांग कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, वर्ष 2006 में इस सड़क का सर्वे किया गया था और 2018 में इसे सैद्धांतिक स्वीकृति भी मिल गई थी। इसके बावजूद आ​र्थिक स्वीकृति नहीं मिलने के कारण सड़क निर्माण का काम आगे नहीं बढ़ पाया।

गर्भवती महिला को रास्ते में देना पड़ा था बच्चे को जन्म

आपको बता दें कि सड़क नहीं होने की वजह से मोली, गनोली और रवेंठा गांव के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सबसे ज्यादा मुश्किल बीमार बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को होती है। गांववालों का कहना है कि​ बीमार बुजुर्गों को डंडी के सहारे सड़क तक पहुंचाना पड़ता है। वहीं, हाल ही में एक गर्भवती महिला की तबीयत बिगड़ने के बाद रास्ते में ही प्रसव होने की घटना ने ग्रामीणों की परेशानी को और गंभीर बना दिया।

पढ़ें :- कैंची धाम दर्शन से पहले बड़ा हादसा, खाई में गिरी कार, एक की मौत और चार घायल

ग्रामीणों ने खुद शुरू किया सड़क निर्माण

लगातार इंतजार और आश्वासनों से तंग आकर ग्रामीणों ने अब खुद सड़क बनाने की जिम्मेदारी उठाई है। बीते गुरुवार को ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ भूमि पूजन किया और रवेंठा गांव की सीमा से सड़क की कटिंग का काम शुरू कर दिया। पहले दिन महिलाओं और पुरुषों ने मिलकर करीब 40 मीटर सड़क की कटिंग की। ग्रामीणों का लक्ष्य लगभग तीन किलोमीटर सड़क तैयार करना है। इस पहल में ग्राम प्रधान कुसुम पुंडीर सहित कई ग्रामीण शामिल हुए।

शासन को भेजी गई है डीपीआर

इस सड़क की डीपीआर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY-4) के तहत शासन को भेजी गई है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सचिन कुमार के मुताबिक, वित्तीय स्वीकृति के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। वहीं, स्थानीय विधायक अनिल नौटियाल ने भी जल्द स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद जताई है। वहीं गांववालों का कहना है कि जब तक सड़क निर्माण को सरकारी मंजूरी नहीं मिलती, तब तक वे श्रमदान के जरिए अपना प्रयास जारी रखेंगे।

पढ़ें :- उत्तराखंड सरकार का बड़ा फैसला, तंबाकू-निकोटिन वाले गुटखा-पान मसाला पर प्रतिबंध
Advertisement