ओडिशा में एक व्यक्ति को लेकर दावा किया जा रहा है कि उसने सड़क हादसे में मरे कुत्ते का मांस खाया। मानेस्वर चौक की इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने व्यक्ति को हिरासत में लिया है।
Shocking Viral News: ओडिशा के संबलपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि एक व्यक्ति सड़क हादसे में मारे गए कुत्ते का मांस खाने लगा। घटना सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार रात करीब 9 बजे संबलपुर के बाहरी इलाके में स्थित मानेस्वर चौक की बताई जा रही है। दावा है कि एक कुत्ते की वाहन की टक्कर से मौत हो गई थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे लोगों ने सड़क पर बैठे एक व्यक्ति को देखा। आरोप है कि वह मृत कुत्ते के शव से मांस निकालकर खा रहा था।
स्थानीय लोगों ने उसकी हालत को देखते हुए आशंका जताई कि व्यक्ति काफी समय से भूखा हो सकता है। बताया जा रहा है कि घटना से पहले वह पास के एक होटल में भी गया था, लेकिन अपनी बात ठीक से नहीं समझा पाने के कारण उसे भोजन नहीं मिल सका।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और व्यक्ति को हिरासत में लिया। रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने घटनास्थल से मृत कुत्ते की हड्डियां भी बरामद की हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
इस घटना ने एक बार फिर बेसहारा और जरूरतमंद लोगों को भोजन तथा बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की जरूरत पर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, व्यक्ति ने वास्तव में कुत्ते का मांस खाया था या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।