Gautam Buddha Nagar: गौतमबुद्धनगर के दादरी इलाके से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। घोड़ी बछेड़ा गांव में 20 वर्षीय मोनिका नागर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामला उस समय और गंभीर हो गया जब ससुराल पक्ष कथित तौर पर जल्दबाजी में शव का अंतिम संस्कार करने लगा, लेकिन मायके पक्ष की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जलती चिता से शव को बाहर निकलवाया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिवार की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है।
पढ़ें :- कानपुर: 3200 करोड़ के ट्रांजेक्शन का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 25 लाख की लूट से खुला ‘पप्पू छुरी’ का पूरा काला खेल
प्रेम विवाह के बाद शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक सेक्टर ज्यू निवासी मोनिका नागर ने 16 फरवरी को घोड़ी बछेड़ा गांव के रहने वाले अनुज चौहान से कोर्ट मैरिज की थी। दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे क्योंकि उनके परिवारों के बीच पहले से संपर्क था। बताया जा रहा है कि दोनों के पिता ग्रेटर नोएडा में ऑटो चलाते हैं, जिसके कारण दोनों परिवारों में आना-जाना था। शुरुआत में परिवार इस रिश्ते के खिलाफ थे, लेकिन दोनों की जिद के बाद शादी के लिए हामी भर दी गई। हालांकि शादी के तीन महीने के भीतर ही रिश्ते में तनाव की खबरें सामने आने लगी थीं। परिवार का आरोप है कि शादी के बाद मोनिका को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
रुपये के विवाद के बाद कमरे में मिला शव
गुरुवार को मोनिका और उसके पति अनुज के बीच रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। गांव के लोगों के मुताबिक दोनों के बीच काफी कहासुनी हुई। ससुराल पक्ष का कहना है कि विवाद के बाद मोनिका कमरे में चली गई और अंदर से कुंडी लगा ली। बाद में जब दरवाजा तोड़ा गया तो उसका शव मिला। लेकिन मायके पक्ष इस कहानी को मानने को तैयार नहीं है। उनका आरोप है कि मोनिका की हत्या की गई और बाद में मामले को दबाने के लिए जल्दबाजी में अंतिम संस्कार करने की कोशिश हुई।
पढ़ें :- गाजियाबाद: अजीजुद्दीन हत्याकांड का खुलासा, बेटा अपनी महिला मित्र से पिता के संबंध बनवा, ब्लैकमेल कर संपत्ति मे हिस्सा पाना चाहता था
“फोन पर बेटी ने मारपीट की बात कही थी”
मोनिका की मां रेनू नागर ने पुलिस को दी शिकायत में गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि घटना से पहले बेटी ने फोन कर बताया था कि उसके साथ मारपीट की जा रही है। परिजनों के मुताबिक जब वे घोड़ी बछेड़ा पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोग शव को कार में रखकर ले जा रहे थे और जल्द से जल्द अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। मां ने आरोप लगाया कि पति अनुज, उसके परिवार और कुछ अन्य लोगों ने मिलकर मोनिका की हत्या की है।
संपत्ति को लेकर भी लगाया दबाव का आरोप
परिवार का कहना है कि मोनिका के नाम पर एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति थी। आरोप है कि शादी के बाद ससुराल पक्ष उस संपत्ति को बेचने और रुपये लाने का दबाव बना रहा था। मोनिका की मां ने कहा कि दहेज और पैसों को लेकर बेटी को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जा रहा था।
पुलिस ने जलती चिता से निकाला शव
पढ़ें :- धर्म पूछकर कलमा पढ़ने को कहा, ना पढ़ पाने पर चाकू से किया हमला, आरोपी की ISIS में शामिल होने की चाह
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दादरी के एसीपी जितेंद्र कुमार सिंंह ने बताया कि जब पुलिस पहुंची तब अंतिम संस्कार की प्रक्रिया चल रही थी। पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए शव को चिता से निकलवाया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक शव का कुछ हिस्सा जल चुका था। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। फिलहाल शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।