मेरठ के कंकरखेड़ा में BJP नेता के बेटे ने आत्महत्या कर ली। मौत से पहले प्रवल ने एक वीडियो बनाकर अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों पर कई आरोप लगाए थे।
मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की पटेलपुरी कॉलोनी में रहने वाले प्रवल ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि प्रवल अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों से परेशान था। वहीं, बेटे की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाने के चलते उसके पिता राजीव गुप्ता को हार्ट अटैक आ गया। राजीव गुप्ता बीजेपी के मंडल उपाध्यक्ष बताए जा रहे हैं।
परिजनों के मुताबिक, प्रबल की शादी पिछले साल 2 नवंबर 2025 को हुई थी, शादी के कुछ समय बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। प्रवल ने अपनी पत्नी पर दहेज मांगने और मानसिक उत्पीड़न करने के आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी। बताया जा रहा है कि विवाद को सुलझाने के लिए पुलिस की ओर से दोनों की काउंसलिंग कराई गई थी। वहीं आरोप ये भी है कि काउंसलिंग के दौरान पुलिस ने प्रवल को धमकाया था।
मौत से पहले प्रवल ने एक वीडियो भी बनाया था। इस वीडियो में उसने पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों पर उत्पीड़न के आरोप लगाए। उसने दावा किया कि पत्नी पुलिस के सामने ही उसे जेल भिजवाने की धमकी देती थी। वीडियो में प्रवल ने अपने खिलाफ चल रहे विवाद और मानसिक परेशानी का भी जिक्र किया। आज दो नवंबर को युवक की शादी की पहली सालगिरह भी थी।
परिजनों का कहना है कि लगातार चल रहे विवाद से परेशान होकर प्रवल ने जहर खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया। बेटे की मौत की खबर से उसके पिता राजीव गुप्ता की हालत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि उन्हें हार्ट अटैक आया, जिसके बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है।
इस घटना के बाद प्रवल के वीडियो में लगाए गए आरोपों और पुलिस काउंसलिंग की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मामले में पत्नी और ससुराल पक्ष पर लगाए गए आरोपों की जांच की मांग की जा रही है।