1. हिन्दी समाचार
  2. तकनीक
  3. पाकिस्तान की धरती से निकला कुबेर का खजाना! बलूचिस्तान में 8 जगहों पर मिले सोने-तांबे के भंडार

पाकिस्तान की धरती से निकला कुबेर का खजाना! बलूचिस्तान में 8 जगहों पर मिले सोने-तांबे के भंडार

बलूचिस्तान में आठ जगहों पर सोने और तांबे की मौजूदगी के संकेत मिले हैं। NRL ने 2027 से विस्तृत अध्ययन शुरू करने और खनिज खोज में 10 करोड़ डॉलर निवेश करने की योजना बनाई है।

By Kalpna Pandey 
Updated Date

Gold Copper Discovery: आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान के लिए बलूचिस्तान से बड़ी खुशखबरी सामने आई है। यहां की जमीन के नीचे सोने और तांबे की मौजूदगी के संकेत मिले हैं। पाकिस्तान की खनन कंपनी नेशनल रिसोर्सेज लिमिटेड (NRL) ने चागई जिले में आठ अलग-अलग स्थानों पर इन खनिजों की खोज की जानकारी दी है। करीब 25 हजार मीटर की ड्रिलिंग के बाद कंपनी को उत्साहजनक नतीजे मिले हैं।

पढ़ें :- पाकिस्तान में फुटबॉल टीम से गनपॉइंट पर लूट, बस रोककर फोन-नकदी और अन्य कीमती सामान छीने

कंपनी के चेयरमैन मुहम्मद अली तब्बा ने पाकिस्तान मिनरल्स इन्वेस्टमेंट फोरम 2026 में बताया कि ड्रिलिंग के दौरान एक जगह 295 मीटर लंबा खनिजयुक्त क्षेत्र मिला है। इसमें तांबे की मात्रा 0.43 प्रतिशत और सोना 0.13 ग्राम प्रति टन पाया गया। वहीं, इसके 132 मीटर के हिस्से में तांबे की मात्रा 0.83 प्रतिशत दर्ज की गई। ये खोज दरिगवान इलाके के 5.6 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में हुई है।

कंपनी अब इन भंडारों का विस्तृत आकलन करेगी। योजना के मुताबिक, 2027 में पर्यावरण, भूजल और तकनीकी अध्ययन शुरू होंगे। इस दशक के अंत तक व्यावसायिक खनन की व्यवहार्यता रिपोर्ट तैयार करने का लक्ष्य है। कंपनी ने खनिज खोज के लिए 100 मिलियन डॉलर यानी करीब 10 करोड़ डॉलर निवेश करने की प्रतिबद्धता जताई है।

NRL फातिमा फर्टिलाइजर्स, लिबर्टी मिल्स और लकी सीमेंट का संयुक्त उपक्रम है। कंपनी के पास बलूचिस्तान में पांच एक्सप्लोरेशन लाइसेंस हैं। खनिजों की पहचान को बेहतर बनाने के लिए लाहौर यूनिवर्सिटी ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज के साथ मिलकर AI मॉडल भी तैयार किया जा रहा है।

कंपनी स्थानीय लोगों को रोजगार और क्षेत्र में शिक्षा के अवसर देने पर भी जोर दे रही है। हालांकि, अभी यह शुरुआती खोज है। सोने और तांबे का वास्तविक भंडार कितना है, इसका पता आगे होने वाले विस्तृत अध्ययन के बाद ही चलेगा।

पढ़ें :- कौन थीं ISI हेडक्वार्टर को उड़ाने वाली आसिफा मेंगल और नाको मीरान? BLA ने जारी की सुसाइड बॉम्बर्स डिटेल्स

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...