राजस्थान में 13 वर्षीय जुड़वा भाइयों विनय और विष्णु की हत्या के मामले में पुलिस ने उनकी मां प्रीति और उसके कथित प्रेमी राजेश को गिरफ्तार किया है। प्रेम प्रसंग उजागर होने के डर से दोनों ने कथित तौर पर बच्चों की हत्या की और शवों को ज्वार-बाजरे की कड़बी के पूंजों में छिपा दिया।
Deeg Double Murder: राजस्थान के डीग जिले से सामने आई यह वारदात रिश्तों को शर्मसार करने वाली है। जिन दो बेटों की मौत पर एक मां के आंसू बह रहे थे, अब उन्हीं की हत्या की साजिश में उसकी कथित भूमिका सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, महिला का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोप है कि इस रिश्ते का राज खुलने के डर से उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही दोनों बेटों की हत्या करवा दी।
यह मामला डीग जिले के जनूथर थाना क्षेत्र के बड़ेसरा गांव का है। 20 अक्टूबर को 13 वर्षीय जुड़वा भाइयों विनय और विष्णु के शव गांव में ज्वार-बाजरे की कड़बी के पूंजों में मिले थे। दोनों बच्चों के चेहरे पर धारदार हथियार से चोट के निशान पाए गए। एक साथ दो मासूमों की मौत की खबर से गांव में मातम पसर गया और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
मामले की जांच के बाद डीग पुलिस ने बच्चों की मां प्रीति और उसके कथित प्रेमी राजेश को गिरफ्तार किया है। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और आशंका है कि दोनों के संबंधों की भनक दोनों से किसी एक बच्चे को लग गई थी। जुड़वा होने के कारण मां और प्रेमी ने मिलकर दोनों को मौत के घाट उतार दिया।। आरोप है कि इसी डर के चलते दोनों ने विनय और विष्णु की हत्या की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक, दोनों बच्चों पर रात के समय धारदार हथियार से हमला किया गया। वारदात के बाद शवों को घर से कुछ दूरी पर कड़बी के पूंजों में छिपा दिया गया, ताकि घटना का पता न चल सके।
दोनों बच्चों के शव मिलने के बाद उनके 64 वर्षीय नाना घनश्याम ने जनूथर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल का निरीक्षण किया और एफएसएल टीम, डॉग स्क्वायड तथा अन्य जांच दलों की मदद से साक्ष्य जुटाए। पूछताछ और शुरुआती जांच में मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

फिलहाल पुलिस हत्या में इस्तेमाल हथियार और अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। जिन बच्चों के लिए मां का आंचल सबसे सुरक्षित ठिकाना होना चाहिए था, उनकी हत्या के मामले में उसी मां पर आरोप लगना हर किसी को स्तब्ध कर रहा है।