West Bengal Elections: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी संग्राम मचा हुआ है। आज चुनाव प्रचार का आखिरी चरण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के बैरकपुर में विजय संकल्प सभा को संबोधित किए। इस दौरान उन्होंने कहा, 1857 में इसी बैरकपुर की धरती ने आजादी की पहली लड़ाई को ताकत दी थी। यही धरती आज बंगाल में परिवर्तन की राह को और प्रशस्त कर रही है। यहां हर तरफ एक ही गूंज है।
पढ़ें :- TMC सांसद मिताली बाग की कार पर हमला, भाजपा समर्थकों पर लाठियों से हमले का आरोप, सांसद और ड्राइवर घायल
उन्होंने आगे कहा, मैं पिछले 3-4 दशकों से देश के कोने-कोने में जाता रहा हूं। राजनीति में आने के बाद, भाजपा में आने के बाद मैं भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में पार्टी जो भी काम कहती है, वो मैं करता हूं। चुनाव की जिम्मेदारियां संभालना भी इसी का हिस्सा रहा है। मैं न दिन देखता हूं, न रात, न मौसम देखता हूं, चल पड़ता हूं। जब जनवरी 2024 में अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन हुआ था, तब उससे पहले मैंने 11 दिनों का अनुष्ठान किया था। मैं दक्षिण भारत के अनेक मंदिरों में गया था, देवी-देवताओं से आशीर्वाद लिया था, इस चुनाव में भी मुझे वैसी ही अनुभूति हुई है जैसी अनुभूति किसी देवी दर्शन के समय होती है।
पीएम ने आगे कहा, इसके पीछे बंगाल के प्रति मेरा जो लगाव रहा है, शक्ति की भक्ति रही है। मेरे व्यक्तिगत जीवन की आध्यात्मिक यात्रा का यह ऊर्जा केंद्र रहा है। बंगाल के महान व्यक्तित्वों की प्रेरणा रही है और जनता जनार्दन का अपार प्रेम रहा है। बंगाल की इस धरती पर मैंने जो अनुभव किया है, उसे मैं अपने आप पर बहुत बड़ा आशीर्वाद समझता हूं। बंगाल की सेवा करना, बंगाल को सुरक्षित करना, बंगाल के सामने उपस्थित एक विराट चुनौती से बंगाल को बचाना… यह मेरे भाग्य में भी है और मेरा दायित्व भी है। इस दायित्व से मैं पीछे नहीं हटूंगा।
साथ ही कहा, अतीत में जब भारत समृद्ध था तब उसके तीन मजबूत स्तंभ थे। अंग, बंग और कलिंग…अंग- बिहार, बंग- बंगाल और कलिंग- ओडिशा…ये तीनों स्तंभ कमजोर हुए तो भारत के सामर्थ्य को झटका लगा। आज भारत जब विकसित होने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है तो अंग, बंग और कलिंग का मजबूत होना आवश्यक है। भारत का भाग्योदय पूर्वोदय के बिना अधूरा है और भारत के भाग्योदय की सबसे बड़ी ताकत पूर्वोदय का भाग्योदय है।
इस दौरान पीएम मोदी ने टीएमसी की सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, एक ओर आपको रोजगार देने वाली मिलें बंद हो रही हैं, तो दूसरी ओर गुंडों को रोजगार देने वाली कच्चे बम की फैक्ट्रियां फल-फूल रही हैं। टीएमसी के सिंडिकेट की दुकानों का विस्तार हो रहा है, यह है टीएमसी का महाजंगलराज। बंगाल ने दशकों तक पलायन की तकलीफ सही। यहां रोजगार था नहीं इसलिए बच्चे बाहर कमाने चले गए। यहां बुजुर्ग अकेले रह गए। अपने लिए ओल्ड एज होम तलाशने वाले बुजुर्गों की संख्या यहां लगातार बढ़ रही है। यह स्थिति पीड़ादायक है। इसलिए भाजपा सरकार की प्राथमिकता होगी बंगाल के युवाओं के लिए बंगाल में रोजगार।
पढ़ें :- अरविंद केजरीवाल ने टीएमसी के लिए मांगे वोट, बोले-यह चुनाव देश बचाने का है चुनाव
पीएम ने आगे कहा, मैं एक बार फिर सभी बहनों-बेटियों से कहने आया हूं, TMC ने आपके वोट का मान नहीं रखा। TMC ने इस महान राज्य को बेटियों के लिए असुरक्षित बना दिया है। आप जब वोट देने जाएं, तो उन गुंडों, उन मस्तानों के चेहरे याद करना, जो TMC के नाम पर अत्याचार करते हैं। आप कमल छाप पर वोट दीजिएगा, ताकि कानून व्यवस्था ऐसी अच्छी बने, बेटियां बिना चिंता के भी रात में बाहर निकल सकें और जिन बहनों-बेटियों के साथ अन्याय हुआ है उनको पूरा न्याय मिल सके।